PM Modi's emotional statement : मां के अपमान पर बोले – यह देश की हर मां का अपमान है
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-02 16:23:00
India News Live,Digital Desk : बिहार की राजनीति में हाल ही में हुए एक विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनकी दिवंगत मां हीराबेन के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल केवल उनकी मां का ही नहीं, बल्कि पूरे देश की माताओं, बहनों और बेटियों का अपमान है।
प्रधानमंत्री ने बिहार की जनता को संबोधित करते हुए भावुक स्वर में कहा,
"मां ही हमारा संसार है, मां ही हमारा स्वाभिमान है। कुछ दिन पहले बिहार में जो हुआ, उसकी मैंने कल्पना भी नहीं की थी। आरजेडी-कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गालियां दी गईं। यह सिर्फ मेरी मां का नहीं, पूरे भारत की महिलाओं का अपमान है।"
उन्होंने आगे कहा कि उनकी मां का राजनीति से कभी कोई संबंध नहीं रहा, वे अब इस दुनिया में भी नहीं हैं, फिर भी उन्हें अपमानित किया गया।
"मां ने 100 साल की उम्र पूरी की और हमें छोड़कर चली गईं। उनका अपराध क्या था कि उन्हें ऐसी बातें सुननी पड़ीं?"
मोदी ने कहा कि उनकी मां ने हमेशा त्याग किया ताकि वे देश की सेवा कर सकें।
"मां भारती की सेवा के लिए मेरी मां ने मुझे बेटे की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया। आज मैं हर दिन देश के लिए मेहनत करता हूं, यह मेरी मां की तपस्या का परिणाम है।"
प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए कहा कि गरीबी में पली-बढ़ी मां के संघर्ष को वे लोग कभी नहीं समझ सकते जो संपन्न परिवारों में पैदा हुए हैं।
“ये राजघराने सोचते हैं कि सत्ता उनकी बपौती है। लेकिन बिहार और देश की जनता ने एक गरीब मां के बेटे को आशीर्वाद देकर प्रधानमंत्री बना दिया, यही बात उन्हें बर्दाश्त नहीं हो रही।”