BREAKING:
August 20 2026 02:40 am

पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी की मुश्किलें बढ़ीं, रिसेप्शन में एशिया कप विवाद पर हुए सवालों से घिरे

Post

India News Live,Digital Desk : एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के प्रमुख और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक रिसेप्शन के दौरान लोगों से घिरे नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वही मौका था जब उनसे एशिया कप ट्रॉफी विवाद को लेकर सवाल पूछे गए।

दरअसल, पिछले महीने दुबई में हुए एशिया कप फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराया था। मैच के बाद एक अजीब स्थिति देखने को मिली — जब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया। कहा जा रहा है कि नकवी ट्रॉफी और विजेता पदक लेकर अचानक स्टेडियम से चले गए, जिसकी वजह से भारतीय टीम को औपचारिक रूप से ट्रॉफी नहीं दी जा सकी।

अब खबर है कि एशिया कप की ट्रॉफी फिलहाल अमीरात क्रिकेट बोर्ड (ECB) के पास है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, अभी यह तय नहीं हुआ है कि ट्रॉफी भारत को कब सौंपी जाएगी। इसी बीच, कराची में पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद की शादी के रिसेप्शन में नकवी से इस मुद्दे पर सवाल किए गए, जिनसे बचने की उन्होंने पूरी कोशिश की।

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि नकवी मीडिया से बचते हुए बाहर निकलते हैं। वहां मौजूद पाकिस्तानी गेंदबाज शाहीन अफरीदी और कुछ सुरक्षाकर्मी उन्हें कार तक छोड़ने पहुंचे। एक रिपोर्टर ने सवाल किया – “एशिया कप ट्रॉफी का क्या होगा?” लेकिन नकवी ने कोई जवाब नहीं दिया।

नकवी पर अब आधिकारिक नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। कहा जा रहा है कि उन्होंने एसीसी प्रमुख के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही की और विजेता टीम को ट्रॉफी न देकर औपचारिक प्रोटोकॉल तोड़ा। इस घटना के बाद बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि वह इस मुद्दे को आईसीसी की नवंबर बैठक में उठाएगा और मोहसिन नकवी के महाभियोग (impeachment) की मांग करेगा।