June 19 2026 08:18 am

फुलेरा की राजनीति से आगे बढ़ेगी ‘पंचायत’ की कहानी, सीजन 5 में होंगे दिलचस्प ट्विस्ट

Post

India News Live,Digital Desk : पंचायत का चौथा सीजन 24 जून को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुआ, लेकिन इस बार दर्शकों की प्रतिक्रिया थोड़ी मिली-जुली रही। पहले के तीन सीजन जहां गांव फुलेरा की मासूमियत, स्थानीय राजनीति और सामाजिक रिश्तों के साथ दर्शकों के दिलों में बस गए थे, वहीं चौथा सीजन पूरी तरह गांव की राजनीति में उलझा नजर आया।

पहले तीन सीजन में जहां प्रधान पद की राजनीति के साथ-साथ गांव के लोगों के निजी संघर्ष और रिश्तों पर भी खासा ध्यान दिया गया था, वहीं सीजन 4 में ज्यादातर फोकस फुलेरा की गद्दी और चुनावी दांवपेंच पर रहा। यही वजह है कि कुछ फैंस थोड़े निराश भी नजर आए। लेकिन अब घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सीजन 5 में कहानी कई दिलचस्प मोड़ लेने वाली है।

सीजन 4 का अंत: संकेतों से भरी क्लाइमेक्स

सीजन 4 के अंत में कहानी एक ऐसे मोड़ पर आकर ठहरती है, जो सीजन 5 के लिए बड़े बदलाव का संकेत देता है। बनराकस की पत्नी क्रांति देवी अब फुलेरा की नई प्रधान बन चुकी हैं। पंचायत ऑफिस की दीवार पर अब मंजू देवी की जगह उनका नाम लिखा जा चुका है।

दूसरी तरफ, सचिव अभिषेक त्रिपाठी ने CAT परीक्षा पास कर ली है, जिसमें उन्हें 97 प्रतिशत अंक मिले हैं। रिंकी, जो अब उनके करीब आ चुकी है, उनका रिजल्ट देखकर खुश हो जाती है और दोनों एक-दूसरे से अपने दिल की बात भी कह चुके हैं।

अब सवाल ये है कि क्या अभिषेक गांव को छोड़कर MBA की दुनिया में कदम रखेंगे या प्यार के लिए फुलेरा में ही रुक जाएंगे?

क्या कुछ खास होगा ‘पंचायत’ सीजन 5 में?

पंचायत का पांचवां सीजन पूरी तरह से नई दिशा में जा सकता है। जहां एक ओर राजनीतिक मोर्चे पर क्रांति देवी का शासन देखने को मिलेगा, वहीं अभिषेक और रिंकी के रिश्ते को लेकर नए समीकरण बन सकते हैं।

क्या अभिषेक प्रधान जी और मंजू देवी को रिंकी से अपने रिश्ते के बारे में बताएंगे? क्या वे गांव छोड़ने का फैसला करेंगे या दिल के रिश्ते उन्हें रोक लेंगे?

इस बार उप-प्रधान प्रह्लाद की भूमिका सीमित रही, जिससे दर्शक उम्मीद कर रहे हैं कि अगली बार उनकी भूमिका और भी मजेदार और भावनात्मक होगी।

साथ ही विकास और खुशबू की लव स्टोरी भी अब आकार लेती नजर आएगी। उम्मीद की जा रही है कि सीजन 5 में राजनीति से हटकर फिर से उस फुलेरा को दिखाया जाएगा, जहां हर किरदार की अपनी एक अनोखी दुनिया है – यही इस शो की असली खूबी है।