राहुल गांधी के 55वें जन्मदिन पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, जानिए उनका राजनीतिक सफर

India News Live,Digital Desk : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
प्रधानमंत्री ने लिखा, "लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।"
राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को दिल्ली में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के बेटे हैं। इस समय वे उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद हैं।
पढ़ाई और पेशेवर शुरुआत
राहुल गांधी ने अपनी पढ़ाई भारत और विदेश दोनों जगह से की है। उन्होंने अमेरिका के फ्लोरिडा और रोलिन्स कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की, और फिर ब्रिटेन के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के ट्रिनिटी कॉलेज से एम.फिल की डिग्री प्राप्त की। पढ़ाई के बाद कुछ समय तक उन्होंने लंदन की कंसल्टिंग कंपनी मॉनिटर ग्रुप में काम किया। बाद में भारत लौटकर मुंबई में एक टेक्नोलॉजी आउटसोर्सिंग कंपनी की शुरुआत में भी योगदान दिया।
कांग्रेस में उनकी भूमिका और सफर
राहुल गांधी ने साल 2004 में राजनीति में कदम रखा, जब उन्होंने अपने पिता की पारंपरिक सीट, अमेठी (उत्तर प्रदेश) से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इसके बाद उन्होंने 2009 और 2014 में भी अमेठी से जीत हासिल की। 2007 में उन्हें कांग्रेस का महासचिव बनाया गया, और 2013 में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
2017 में राहुल गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष बने। हालांकि 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने अध्यक्ष पद छोड़ दिया।
2024 में दोहरी जीत
2024 के आम चुनावों से पहले राहुल गांधी काफी सक्रिय नजर आए। उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जरिए देशभर में जनता से जुड़ने की कोशिश की। उन्होंने दो सीटों, रायबरेली (उत्तर प्रदेश) और वायनाड (केरल) से चुनाव लड़ा और दोनों जगह जीत दर्ज की।
राहुल गांधी का अब तक का राजनीतिक सफर कई उतार-चढ़ावों से भरा रहा है, लेकिन उनकी सक्रियता और जनता से जुड़ाव लगातार चर्चा में रहता है।