'ओम पुरी ने मेरी बहन को धोखा दिया, जिंदगी बर्बाद कर दी': दिग्गज एक्टर पर फूटा अन्नू कपूर का गुस्सा

Post

India News Live,Digital Desk : अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए मशहूर अभिनेता अन्नू कपूर ने हाल ही में दिवंगत अभिनेता ओम पुरी के साथ अपने कड़वे पारिवारिक रिश्तों पर चुप्पी तोड़ी है। अन्नू कपूर ने जहां एक तरफ ओम पुरी को अभिनय की दुनिया का 'महान नायक' बताया, वहीं दूसरी तरफ अपनी बहन सीमा कपूर के साथ की गई 'बेवफाई' को लेकर उन पर जमकर भड़ास निकाली। अन्नू कपूर के इस बयान ने बॉलीवुड के पुराने गलियारों में दबे कई राज एक बार फिर बेपर्दा कर दिए हैं।

"महान एक्टर थे, लेकिन पति के तौर पर नाकाम": अन्नू कपूर

सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान अन्नू कपूर ने ओम पुरी के प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ के बीच की लकीर खींच दी। उन्होंने कहा, "ओम पुरी बहुत बड़े अभिनेता थे, उनके जैसा टैलेंट मिलना मुश्किल है। लेकिन निजी जीवन में उन्होंने एक महिला को धोखा दिया और इत्तेफाक से उस स्त्री का भाई मैं हूं।" अन्नू कपूर ने आरोप लगाया कि ओम पुरी ने उनकी बहन सीमा कपूर की जिंदगी बर्बाद कर दी।

शादी के 8 महीने बाद ही आ गई थी दरार

सीमा कपूर और ओम पुरी के रिश्तों की दास्तां काफी पुरानी है। लंबे रिलेशनशिप के बाद दोनों ने साल 1991 में शादी की थी। लेकिन अफसोस कि यह रिश्ता साल भर भी नहीं टिक सका। शादी के महज 8 महीने बाद ही दोनों का तलाक हो गया। अन्नू कपूर के मुताबिक, ओम पुरी की नजदीकियां नंदिता पुरी (जिनसे उन्होंने बाद में शादी की) से बढ़ गई थीं, जिसके चलते सीमा कपूर का घर उजड़ गया।

"जब शरीर जर्जर हो गया, तब वापस लौटे"

अन्नू कपूर ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जब ओम पुरी अपने आखिरी वक्त में बीमार और अकेले थे, तब वह फिर से सीमा कपूर के पास लौट आए थे। अन्नू ने भावुक होते हुए कहा, "अगर मेरी बहन ने उनकी देखभाल न की होती, तो वह 10 साल पहले ही चले गए होते। जब शरीर शिथिल और जर्जर हो गया, तब आप वापस आए। मैं इस बात पर अपनी बहन से भी बहुत नाराज था, लेकिन मैं असहाय था।"

ओम पुरी को लगता था अन्नू कपूर से डर?

अन्नू कपूर ने बताया कि ओम पुरी उनसे बात करने में हिचकिचाते थे। उन्होंने कहा, “ओम पुरी मुझसे डरते थे क्योंकि मैं बहुत ब्लंट (मुंहफट) हूं। मैं जो सच है, वही बोलता हूं। मुझे इस बात का अफसोस हमेशा रहेगा कि मेरी बहन की जिंदगी खराब हो गई, लेकिन आज ओम पुरी साहब नहीं हैं, इसलिए मैं उनके बेटे और नंदिता की खुशहाली के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।”