अब लखनऊ से कानपुर का सफर होगा 25% महंगा, लेकिन मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं

Post

India News Live,Digital Desk : अगर आप लखनऊ से कानपुर के बीच कार से सफर करने की सोच रहे हैं, तो आपको अब जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने पर अब राष्ट्रीय राजमार्ग की तुलना में 25% अधिक टोल देना होगा। ये टोल दरें एक्सप्रेसवे के शुरू होते ही लागू कर दी जाएंगी।

अभी अगर आप नेशनल हाईवे से इस दूरी को तय करते हैं तो कार के लिए 100 रुपये टोल देना होता है। लेकिन एक्सप्रेसवे से जाने पर यह टोल 125 रुपये हो जाएगा। इसी तरह अन्य वाहनों पर भी ज्यादा शुल्क लगेगा—जैसे ट्रक के लिए अभी जो टोल 330 रुपये है, वह बढ़कर लगभग 413 रुपये हो जाएगा।

काम लगभग पूरा, सुविधाएं भी हाईटेक होंगी
एनएचएआई अधिकारियों के मुताबिक, एक्सप्रेसवे का काम जुलाई तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। 90% एलीवेटेड रोड और 94% ग्रीन फील्ड का काम पूरा हो चुका है। फिनिशिंग का काम भी तेज़ी से चल रहा है। उन्नाव के अमरसस में रेलवे ओवरब्रिज का कार्य प्रगति पर है। कुल मिलाकर इस एक्सप्रेसवे पर तीन बड़े फ्लाईओवर और कुल पांच टोल प्लाजा प्रस्तावित हैं।

टोल पर मिलेगी हर ज़रूरी सुविधा
महंगे टोल के बदले यात्रियों को कई सुविधाएं मिलेंगी। हर टोल पर पेट्रोल पंप, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, एंबुलेंस, पुलिस पिकेट और सीसीटीवी कैमरे की सुविधा होगी। साथ ही चरणबद्ध ढंग से ढाबा और रेस्टोरेंट भी खोले जाएंगे, ताकि सफर आरामदायक बन सके।

टोल दरें वाहन के हिसाब से

कार/जीप/हल्के वाहन: ₹125 (एक तरफ), ₹181 (दो तरफ)

मिनी बस/हल्के कमर्शियल वाहन: ₹200 - ₹294

बस/ट्रक (दो एक्सल): ₹413 - ₹619

थ्री एक्सल कमर्शियल वाहन: ₹450 - ₹675

ओवरसाइज़ वाहन: ₹794 - ₹1187

टोल प्लाजा कहां-कहां बनेंगे?
मीरनपुर पिनवट, खंडेदेव, बनी, अमरसास (उन्नाव-लालगंज के पास), और आज़ाद नगर में टोल प्लाजा बनाए जाएंगे। इनका संचालन बाद में निजी एजेंसियों के हवाले किया जाएगा।