अब शकूरबस्ती जाएगी पूर्वा एक्सप्रेस, जल्द शुरू होगी 'अमृत भारत एक्सप्रेस'
India News Live,Digital Desk : पूर्वा एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ा बदलाव सामने आया है। दानापुर रेल मंडल से चलने वाली इस ट्रेन का टर्मिनल स्टेशन अब नई दिल्ली से बदलकर शकूरबस्ती कर दिया गया है। यह बदलाव 15 अगस्त 2025 से लागू होगा।
रेलवे ने हावड़ा और नई दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 12303/12304 और 12381/12382 को शकूरबस्ती तक सीमित करने का निर्णय लिया है। इसका मुख्य कारण नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शुरू होने वाला मेगा पुनर्विकास कार्य है। भीड़ को कम करने और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए नॉर्थ रेलवे ने कुल 9 जोड़ी ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर शिफ्ट करने का निर्णय लिया है, जिसमें पूर्वा एक्सप्रेस भी शामिल है।
नई ट्रेन से मिलेगा यात्रियों को फायदा – आरा से गुजरेगी ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’
दानापुर मंडल के यात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर यह है कि पटना से नई दिल्ली के बीच जल्द ही अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत की जाएगी। यह ट्रेन आरा जंक्शन पर भी रुकेगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
इस ट्रेन के लिए नई रैक आ चुकी है और हाल ही में आरा से मोकामा के बीच इसका सफल ट्रायल भी किया गया है। इसके बाद इसे राजेन्द्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स भेज दिया गया। रेलवे सूत्रों के अनुसार, 18 जुलाई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं।
हालांकि, अभी रेलवे बोर्ड या पूर्व मध्य रेलवे ने इसकी आधिकारिक टाइम टेबल जारी नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही इसकी अधिसूचना सामने आएगी।
अमृत भारत ट्रेन की खास बातें:
यह ट्रेन सामान्य व स्लीपर श्रेणी के यात्रियों के लिए बनाई गई है।
इसमें तेज गति से कम समय में यात्रा पूरी की जा सकेगी।
इसके संचालन से संपूर्ण क्रांति, विक्रमशिला और श्रमजीवी एक्सप्रेस जैसे ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम होगा।