'माइकल' ने 4 दिन में बटोरी सुर्खियां, 'भूत बंगला' ने पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा; 'धुरंधर 2' की बादशाहत बरकरार

Post

India News Live,Digital Desk : भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त सिनेमाप्रेमियों के लिए जबरदस्त वैरायटी उपलब्ध है। एक तरफ 'किंग ऑफ पॉप' की जिंदगी पर आधारित फिल्म 'माइकल' युवाओं को आकर्षित कर रही है, तो दूसरी तरफ अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' और रणवीर सिंह की महा-ब्लॉकबस्टर 'धुरंधर 2' का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। आइए जानते हैं कि सोमवार तक इन तीनों फिल्मों ने कमाई के मामले में क्या झंडे गाड़े हैं।

'माइकल' जैक्सन की बायोपिक की सधी हुई शुरुआत

विश्व प्रसिद्ध सिंगर माइकल जैक्सन की बायोपिक 'माइकल' को रिलीज हुए चार दिन बीत चुके हैं। जाफर जैक्सन के अभिनय से सजी इस फिल्म को क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन प्रशंसकों में इसे लेकर खासा क्रेज है। फिल्म ने अपने ओपनिंग वीकेंड पर 16 करोड़ रुपये (नेट) का कलेक्शन कर लिया है।

डे वाइज कलेक्शन:

डे 0: 1.70 करोड़ रुपये

डे 1: 3.70 करोड़ रुपये

डे 2: 5.10 करोड़ रुपये

डे 3: 5.50 करोड़ रुपये

कुल भारतीय ग्रॉस कलेक्शन: 19.20 करोड़ रुपये

अक्षय कुमार का 'भूत बंगला' हुआ हाउसफुल

हॉरर-कॉमेडी के उस्ताद अक्षय कुमार की फिल्म 'भूत बंगला' बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस का घोड़ा साबित हो रही है। फिल्म ने अपनी रिलीज के 10वें दिन 12.50 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की, जिससे इसका कुल घरेलू कलेक्शन 113.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वर्ल्डवाइड मार्केट में भी फिल्म का डंका बज रहा है और इसने 179.48 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। अक्षय की इस फिल्म को दर्शकों ने 'भूल भुलैया' से भी बेहतर मनोरंजन बताया है।

'धुरंधर 2': बॉक्स ऑफिस का नया इतिहास

रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर 'धुरंधर 2: द रिवेंज' अब एक ऐसी लीग में पहुंच गई है जहां पहुंचना हर फिल्म का सपना होता है। रिलीज के 39वें दिन भी फिल्म ने 3.40 करोड़ रुपये बटोर कर सबको चौंका दिया है। फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन अब 1,130.59 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन के मामले में फिल्म 1,777.52 करोड़ रुपये के साथ नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।