BREAKING:
September 26 2026 01:01 am

Apple के साम्राज्य को चुनौती देने आ रही है Meta की स्मार्टवॉच 'Malibu 2' प्रोजेक्ट हुआ जिंदा, जानें क्या होंगे फीचर्स

Post

India News Live,Digital Desk : स्मार्टग्लासेस की दुनिया में अपनी धाक जमाने के बाद, मार्क जुकरबर्ग की कंपनी मेटा (Meta) अब आपकी कलाई पर कब्जा करने की तैयारी में है। लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए खबर आई है कि मेटा इसी साल अपनी पहली प्रीमियम स्मार्टवॉच लॉन्च कर सकती है। यह घड़ी सीधे तौर पर दुनिया की सबसे लोकप्रिय 'एप्पल वॉच' (Apple Watch) को टक्कर देगी।

खास बात यह है कि मेटा उस प्रोजेक्ट को दोबारा जीवित कर रहा है, जिसे लागत में कटौती के चलते चार साल पहले ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।

प्रोजेक्ट 'मालिबू 2': हेल्थ ट्रैकर से कहीं ज्यादा स्मार्ट

घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मेटा ने अपने पुराने 'मालिबू 2' (Malibu 2) प्रोजेक्ट पर फिर से काम शुरू कर दिया है। 2026 में लॉन्च होने वाली यह स्मार्टवॉच सिर्फ समय नहीं बताएगी, बल्कि इसमें कई क्रांतिकारी फीचर्स होने की उम्मीद है:

मेटा AI असिस्टेंट: इस वॉच में इन-बिल्ट मेटा एआई असिस्टेंट होगा, जो आपके वॉयस कमांड पर काम करेगा।

डिटैचेबल डिजाइन: रिपोर्टों के अनुसार, इसका डिस्प्ले स्ट्रैप से अलग (Detachable) किया जा सकेगा, जिससे इसे अन्य मेटा डिवाइस के साथ जोड़ना आसान होगा।

बिल्ट-इन कैमरा: यह स्मार्टवॉच कलाई से फोटो और वीडियो लेने की क्षमता भी रख सकती है, जो इसे बाकी घड़ियों से अलग बनाएगी।

रे-बैन स्मार्टग्लासेस के साथ करेगी 'जुगलबंदी'

मेटा की इस नई स्मार्टवॉच को कंपनी के इकोसिस्टम का हिस्सा बनाया जा रहा है। अटकलें हैं कि यह घड़ी मेटा रे-बैन स्मार्टग्लासेस के साथ मिलकर काम करेगी।

मेटा के स्मार्टग्लासेस अमेरिका में इतने लोकप्रिय हो गए हैं कि कंपनी फिलहाल मांग पूरी नहीं कर पा रही है।

मांग और आपूर्ति के इसी अंतर के चलते मेटा ने कनाडा, ब्रिटेन, फ्रांस और इटली में स्मार्टग्लासेस की लॉन्चिंग फिलहाल टाल दी है।

अब स्मार्टवॉच के आने से यूजर्स अपने स्मार्टग्लासेस को कलाई से ही कंट्रोल कर पाएंगे।

AI के दौर में मेटा की नई चाल

चार साल पहले जब मेटा ने स्मार्टवॉच का काम रोका था, तब एआई (AI) का इतना बोलबाला नहीं था। अब एआई की बढ़ती लोकप्रियता और मेटा के खुद के शक्तिशाली एआई मॉडल के कारण, कंपनी को लगता है कि यह हार्डवेयर बाजार में उतरने का सही समय है। यह स्मार्टवॉच न केवल एक फिटनेस ट्रैकर होगी, बल्कि मेटा के मेटावर्स विजन की एक महत्वपूर्ण कड़ी भी साबित होगी।

हालांकि मेटा ने अभी तक आधिकारिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन टेक गलियारों में इस 'एप्पल किलर' स्मार्टवॉच को लेकर उत्साह चरम पर है।