अलास्का में बड़ा विमान हादसा: चार्टर प्लेन क्रैश में दो पायलट समेत सभी 8 लोगों के मारे जाने की आशंका
अमेरिका के अलास्का से एक बड़े और दर्दनाक विमान हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां एक चार्टर प्लेन अचानक दुर्घटना का शिकार हो गया है। इस विमान में चालक दल (Crew) के सदस्यों समेत कुल 8 लोग सवार थे। अधिकारियों की ओर से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
एंकोरेज से उड़ान भरने के बाद हुआ हादसा
अलास्का के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के अध्यक्ष क्लिंट जॉनसन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दुर्घटनाग्रस्त विमान में दो पायलट और 6 यात्री सवार थे। घटना के बाद से ही उनके बारे में कोई सीधी जानकारी नहीं मिल पाई है।
यह चार्टर प्लेन एंकोरेज से उड़ान भरकर केप नेवेनहैम (Cape Newenham) की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में यह भयानक हादसे का शिकार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अलास्का रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर हरकत में आया और तुरंत तलाश एवं बचाव अभियान (Search and Operation) शुरू कर दिया गया। फिलहाल राहत टीमों द्वारा दुर्घटनास्थल पर छानबीन की जा रही है, और स्थिति स्पष्ट होने पर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
ब्रिटेन में भी हुआ था एक अन्य विमान हादसा
हाल ही में विमान हादसों से जुड़ी एक अन्य दुखद घटना ब्रिटेन से भी सामने आई थी। दो दिन पहले नॉर्थ वेल्स के दूर-दराज के इलाके में एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें भारतीय मूल के एक 50-55 वर्षीय दंपਤੀ की मौत हो गई थी।
जांच में सामने आया कि केतन स्वाली अपने पाइपर पीए28 विमान को उड़ा रहे थे और उनके साथ उनकी पत्नी शीतल भी थीं। उन्होंने इंग्लैंड के वेस्ट मिडलैंड्स स्थित हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, लेकिन वे तय समय पर उत्तर-पश्चिम वेल्स के कार्नरफोन हवाई अड्डे पर नहीं उतरे। इसके बाद पुलिस और अन्य एजेंसियों द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान में ट्रॉसफिनिड के पास विमान का मलबा बरामद हुआ, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। एयर एक्सीडेंट्स इन्वेस्टिगेशन ब्रांच इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।