BREAKING:
September 29 2026 06:25 pm

मुंबई में भर्ती हुईं कोकिलाबेन अंबानी, परिवार पहुँचा अस्पताल

Post

India News Live,Digital Desk : रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और अनिल अंबानी की मां, तथा दिवंगत धीरूभाई अंबानी की पत्नी कोकिलाबेन अंबानी को गुरुवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें एयरलिफ्ट करके अस्पताल लाया गया।

91 वर्षीय कोकिलाबेन उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती हैं और फिलहाल वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, अंबानी परिवार की ओर से अभी तक उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

खबर मिलते ही परिवार के सदस्य तुरंत अस्पताल पहुँच गए। मुकेश अंबानी कलिना एयरपोर्ट से सीधे अस्पताल पहुंचे, वहीं अनिल अंबानी भी अपनी पत्नी टीना अंबानी के साथ अस्पताल आए।

कोकिलाबेन का जन्म 24 फरवरी 1934 को गुजरात के जामनगर में हुआ था। वर्ष 1955 में उनकी शादी धीरूभाई अंबानी से हुई। उनके चार बच्चे हैं – मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, नीना कोठारी और दीप्ति सालगांवकर।

2002 में धीरूभाई अंबानी के निधन के बाद जब रिलायंस समूह के बंटवारे को लेकर मुकेश और अनिल अंबानी के बीच मतभेद बढ़े, तब कोकिलाबेन ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई और परिवार में एकता कायम करने का कार्य किया। वर्तमान में वह अपने बड़े बेटे मुकेश अंबानी और उनके परिवार के साथ मुंबई के एंटीलिया में रहती हैं।