Khalnayak Returns: 33 साल बाद लौटा 'बदनाम बल्लू', लंबे बाल और खूंखार लुक में संजय दत्त ने फिर पैदा किया खौफ
India News Live,Digital Desk : बॉलीवुड के 'संजू बाबा' यानी संजय दत्त एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाने के लिए तैयार हैं। 90 के दशक की सबसे प्रतिष्ठित फिल्मों में से एक 'खलनायक' के फैंस के लिए शुक्रवार का दिन किसी उत्सव से कम नहीं रहा। संजय दत्त ने आधिकारिक तौर पर 'खलनायक रिटर्न्स' (Khalnayak Returns) का ऐलान कर दिया है। फिल्म का फर्स्ट लुक अनाउंसमेंट वीडियो सोशल मीडिया पर रिलीज होते ही जंगल की आग की तरह फैल गया है, जिसमें बल्लू बलराम का वो पुराना खौफनाक अंदाज नए अवतार में नजर आ रहा है।
33 साल बाद 'बल्लू' की जेल से वापसी: 'नायक नहीं खलनायक हूं मैं'
हिंदी सिनेमा में एंटी-हीरो की परिभाषा बदलने वाले 'बदनाम बल्लू' की वापसी 33 साल बाद हो रही है। संजय दत्त ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, "कुछ कहानियां खत्म नहीं होतीं... वो दोबारा शुरू होती हैं। खलनायक रिटर्न्स!" अनाउंसमेंट वीडियो की शुरुआत ही रोंगटे खड़े कर देने वाली है। चारों तरफ लाशें बिछी हैं और खून-खराबे के बीच संजय दत्त अपने सिग्नेचर स्वैग में नजर आ रहे हैं। बढ़े हुए सफेद बाल, लंबी दाढ़ी और आंखों में वही पुरानी क्रूरता लिए जब संजय दत्त कहते हैं— "बोला था ना, रात के 10 बजे बल्लू जेल से फुरररर... नायक नहीं खलनायक हूं मैं", तो दर्शकों की पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं।
सुभाष घई की 'खलनायक' का वो सुनहरा दौर
याद दिला दें कि मूल फिल्म 'खलनायक' साल 1993 में रिलीज हुई थी, जिसे शोमैन सुभाष घई ने डायरेक्ट किया था। उस फिल्म में संजय दत्त के साथ माधुरी दीक्षित (इंस्पेक्टर गंगा) और जैकी श्रॉफ (इंस्पेक्टर राम) मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म की कहानी एक ऐसे अपराधी की थी जो व्यवस्था के खिलाफ खड़ा था, लेकिन उसके भीतर एक भावुक इंसान भी छिपा था। 'बल्लू' का किरदार भारतीय सिनेमा के सबसे चर्चित विलेन्स की लिस्ट में आज भी टॉप पर है।
रहस्य में है स्टारकास्ट और कहानी
फिलहाल 'खलनायक रिटर्न्स' के टीजर वीडियो में केवल संजय दत्त के खूंखार लुक को दिखाया गया है। फिल्म की बाकी स्टारकास्ट को लेकर मेकर्स ने अभी तक चुप्पी साध रखी है। क्या इस बार भी माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ इस प्रोजेक्ट का हिस्सा होंगे? यह देखना दिलचस्प होगा। हालांकि, टीजर से साफ है कि फिल्म का स्केल पहले से कहीं ज्यादा डार्क और एक्शन से भरपूर होने वाला है।
संजय दत्त का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा
इन दिनों संजय दत्त अपनी फिल्म 'धुरंधर' में 'एसपी चौधरी' के किरदार के लिए खूब तारीफें बटोर रहे हैं। ऐसे में 'खलनायक रिटर्न्स' का ऐलान उनके करियर में एक और मील का पत्थर साबित हो सकता है। फैंस का कहना है कि जिस तरह 'KGF 2' में 'अधीरा' बनकर संजय ने डराया था, बल्लू बलराम बनकर वे एक बार फिर इतिहास दोहराएंगे।