BREAKING:
July 29 2026 02:44 pm

"जैसे खेल रहे हो, वैसे ही खेलते रहो..." वैभव सूर्यवंशी के मुरीद हुए विराट कोहली के गुरु राजकुमार शर्मा

Post

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के इस सीजन में अगर किसी एक नाम ने पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों और दिग्गजों को सबसे ज्यादा हैरान किया है, तो वह हैं महज़ 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए वैभव ने इस सीजन में बल्ले से ऐसा गदर काटा कि सीजन के अंत में 776 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने और प्रतिष्ठित 'ऑरेंज कैप' (Orange Cap) पर अपना कब्जा जमा लिया।

वैभव के इस अविश्वसनीय प्रदर्शन के बाद उन्हें जल्द ही भारतीय टीम में शामिल करने की मांग तेज हो गई है। इसी बीच, दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में शुमार विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने वैभव सूर्यवंशी की इस दुर्लभ टी20 प्रतिभा की जमकर सराहना की है और इस उभरते हुए सितारे को एक बेहद अनमोल सलाह दी है।

'जिस तरह उसने विश्व स्तरीय गेंदबाजों के छक्के छुड़ाए, वह अविश्वसनीय है'

विराट कोहली को तराशने वाले दिग्गज कोच राजकुमार शर्मा ने वैभव की बेखौफ बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए उन्हें टी20 प्रारूप का एक बेहद विशेष खिलाड़ी बताया। न्यूज़ एजेंसी पीटीआई (PTI) से बातचीत करते हुए शर्मा ने कहा:

"वैभव निस्संदेह एक असाधारण और दुर्लभ प्रतिभा है। इस आईपीएल में उसने जिस तरह का खेल दिखाया है, वह वाकई में रिमार्केबल है। मैदान पर बिना किसी डर के उतरना और दुनिया के बेहतरीन प्रथम श्रेणी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाना कोई मामूली बात नहीं है। जिस अंदाज में उसने छक्के बरसाए हैं, वह टी20 क्रिकेट के लिहाज से एकदम परफेक्ट और अविश्वसनीय है।"

विराट के गुरु की वैभव को गुरुमंत्र: 'अपने खेल में कुछ भी मत बदलना'

जब राजकुमार शर्मा से एक अनुभवी कोच के नाते पूछा गया कि वह वैभव सूर्यवंशी को आगे के भविष्य के लिए क्या सलाह देना चाहेंगे? तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के वैभव को अपने स्वाभाविक खेल पर टिके रहने का गुरुमंत्र दिया।

शर्मा ने कहा, "वह फिलहाल टी20 क्रिकेट खेल रहा है, इसलिए एक कोच के तौर पर मेरी उसे यही सलाह होगी कि अपने गेम में अभी कुछ भी बदलाव मत करो। बस मैदान पर जाओ और उसी निडर अंदाज में खेलो जैसे अब तक खेलते आ रहे हो। तुम जबरदस्त क्रिकेट खेल रहे हो, गेंद को बाउंड्री पार पहुंचाते रहो और दर्शकों का मनोरंजन करते रहो।"

हालांकि, उन्होंने बड़े प्रारूप को लेकर व्यावहारिक बात भी जोड़ी। उन्होंने कहा, "जहां तक टेस्ट क्रिकेट की बात है, मैंने उसे अभी रेड बॉल से खेलते हुए इतना नहीं देखा है कि यह बता सकूं कि वह मानसिक रूप से कितना परिपक्व है, वह स्विंग होती गेंदों को कैसे खेलता है या ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंदों को कैसे छोड़ता है। लेकिन सीमित ओवरों में मैं यही चाहूंगा कि वह अपनी इस लय को बरकरार रखे।"

विराट कोहली से तुलना पर बोले राजकुमार शर्मा— 'वह महान है, यह अभी बच्चा है'

आईपीएल में वैभव के इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया और खेल गलियारों में उनकी तुलना 15 साल की उम्र वाले विराट कोहली से की जाने लगी है। इस तुलना को सिरे से खारिज करते हुए राजकुमार शर्मा ने बेहद संजीदा बयान दिया।

उन्होंने कहा, "मैं खिलाड़ियों की आपस में तुलना करने पर विश्वास नहीं रखता। विराट कोहली ने पिछले 18 सालों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जो मुकाम हासिल किया है, वह उनकी गजब की निरंतरता (Consistency) का नतीजा है। भारत के लिए जितने मैच अकेले विराट ने जीते हैं, उतने किसी और भारतीय ने नहीं जीते। यही वजह है कि दुनिया उन्हें इतना प्यार करती है और वह एक महान खिलाड़ी हैं।"

वैभव के बारे में बात करते हुए उन्होंने आगे कहा, "वैभव एक उभरता हुआ सितारा है, जो बेहद प्रतिभाशाली है। हमने अभी उसे सिर्फ एक ही फॉर्मेट में खेलते देखा है, बड़े फॉर्मेट में उसका इम्तिहान बाकी है। हम सभी उसे आगे बढ़ते हुए देखना चाहते हैं।" वहीं, वैभव की फिटनेस को लेकर उठ रहे सवालों पर कोच ने मुस्कुराते हुए कहा, “फिटनेस भी समय के साथ आ जाएगी, आखिर वह अभी सिर्फ एक बच्चा ही तो है।”