Junior NTR Birthday: असली नाम से लेकर हिडेन टैलेंट तक, जानिए 'RRR' स्टार के बारे में...

Post

India News Live,Digital Desk : साउथ सिनेमा के पावरहाउस और ग्लोबल स्टार जूनियर एनटीआर आज अपना 42वां जन्मदिन मना रहे हैं। एस.एस. राजामौली की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'RRR' और उसके ऐतिहासिक गाने 'नाटु नाटु' के जरिए दुनिया भर में अपना डंका बजाने वाले जूनियर एनटीआर किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। आज उनके जन्मदिन के खास मौके पर हम आपको इस सुपरस्टार के जीवन से जुड़ी उन 7 अनसुनी बातों और छिपे हुए टैलेंट्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें जानकर आप भी दंग रह जाएंगे।

क्या आपको पता है जूनियर एनटीआर का असली नाम?

अक्सर लोग उन्हें केवल जूनियर एनटीआर के नाम से जानते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि उनके नाम में 'NTR' का क्या मतलब है? दरअसल, उनका असली नाम तारक रामाराव है। वह आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु सिनेमा के दिग्गज कलाकार एन. टी. रामाराव के पोते हैं, जिनके नाम पर उन्हें यह पहचान मिली है।

बाल कलाकार के रूप में जीता था नेशनल अवॉर्ड

जूनियर एनटीआर ने अभिनय की दुनिया में कदम बहुत छोटी उम्र में ही रख दिया था। साल 1997 में आई फिल्म 'रामायणम' में उन्होंने भगवान राम का किरदार निभाया था। बेहद कम उम्र में ही उन्होंने अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया और इस फिल्म ने बेस्ट चिल्ड्रन्स फिल्म का नेशनल फिल्म अवॉर्ड अपने नाम किया।

सिर्फ 20 की उम्र में रचा था इतिहास

साल 2001 में फिल्म 'स्टूडेंट नंबर 1' के साथ बतौर लीड हीरो डेब्यू करने वाले जूनियर एनटीआर ने बहुत कम समय में सुपरस्टारडम हासिल कर लिया। साल 2003 में आई उनकी फिल्म 'सिम्हाद्री' ने बॉक्स ऑफिस के तमाम रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। जिस उम्र में लोग करियर की शुरुआत के बारे में सोचते हैं, उस 20 साल की छोटी सी उम्र में जूनियर एनटीआर साउथ सिनेमा के सबसे बड़े सितारे बन चुके थे।

सिर्फ डांस ही नहीं, कुचिपुड़ी में हैं महारत हासिल

'नाटु नाटु' गाने में उनकी वह बिजली जैसी फुर्ती और गजब की एनर्जी देखकर क्या आपने सोचा है कि आखिर उन्हें यह लय कहां से मिली? जूनियर एनटीआर एक प्रशिक्षित क्लासिकल कुचिपुड़ी डांसर हैं। उन्होंने बचपन में ही इस कला में महारत हासिल की थी और कई स्टेज शोज में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था, इसीलिए उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे बेहतरीन डांसर्स में गिना जाता है।

गायन और होस्टिंग में भी हैं उस्ताद

जूनियर एनटीआर सिर्फ एक बेहतरीन एक्टर और डांसर ही नहीं हैं, बल्कि उनके पास एक मधुर आवाज भी है। उन्होंने कई तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों के लिए सुपरहिट गाने गाए हैं। अभिनय और गायन के अलावा, उन्होंने होस्ट के रूप में भी अपनी एक अलग पहचान बनाई है। रियलिटी शो 'बिग बॉस' (तेलुगू) और 'कौन बनेगा करोड़पति' के तेलुगु वर्जन को होस्ट करके उन्होंने साबित कर दिया कि वे छोटे पर्दे पर भी उतने ही प्रभावशाली हैं, जितनी बड़ी स्क्रीन पर।