BREAKING:
July 26 2026 08:05 pm

गूगल का नया AI फीचर "Search Live" शुरू, रियल-टाइम वॉयस सर्च का अनुभव अब और भी स्मार्ट

Post

India News Live, Digital Desk: गूगल ने अपने AI Mode के तहत एक नया और उन्नत फीचर "Search Live" की सार्वजनिक टेस्टिंग शुरू कर दी है। यह फीचर फिलहाल कुछ चुनिंदा यूजर्स को Android और iOS पर गूगल ऐप के ज़रिए दिखाई दे रहा है। इस फीचर की घोषणा गूगल ने अपने I/O 2025 इवेंट में की थी और इसे Gemini Live के एक्सटेंशन के रूप में पेश किया गया था।

क्या है Search Live?

Search Live फीचर की मदद से यूजर्स अब गूगल से वॉयस के जरिए रियल-टाइम में बातचीत कर सकते हैं। यह AI-संचालित सुविधा न केवल आपके सवालों का जवाब देती है, बल्कि कैमरा फीड के आधार पर भी जानकारी देने की क्षमता रखती है। हालांकि, कैमरा एक्सेस वाला फीचर अभी तक सक्रिय नहीं किया गया है।

किन्हें मिला एक्सेस?

9to5Google की एक रिपोर्ट के अनुसार, माउंटेन व्यू स्थित टेक कंपनी गूगल ने कुछ यूजर्स के लिए यह फीचर पब्लिक टेस्टिंग में उतारा है। पब्लिकेशन की टीम के कुछ सदस्यों ने iOS पर इसे तभी एक्सेस किया जब उन्होंने Search Labs के लिए एनरोल किया। अभी यह AI Mode केवल अमेरिका में उपलब्ध है और कंपनी ने अन्य देशों में इसे लाने की कोई समयसीमा साझा नहीं की है।

कैसे काम करता है Search Live?

जिन यूजर्स को इस फीचर का एक्सेस मिला है, वे गूगल ऐप में सर्च बार के नीचे एक नया वेवफॉर्म आइकन देख सकते हैं, जिस पर Gemini का स्पार्कल लोगो है। यह आइकन पहले मौजूद Google Lens के शॉर्टकट को रिप्लेस करता है। इस आइकन पर टैप करते ही एक फुल-स्क्रीन इंटरफेस खुलता है, जो काफी हद तक Gemini Live जैसा दिखाई देता है। यहां दो प्रमुख बटन होते हैं — एक म्यूट के लिए और दूसरा बातचीत का ट्रांसक्रिप्ट देखने के लिए।

वॉयस ऑप्शन्स और स्मार्ट जवाब

Search Live में चार वॉयस विकल्प दिए गए हैं — Cosmo, Neso, Terra और Cassini। इन्हें यूजर थ्री-डॉट मेन्यू से बदल सकता है। यूजर्स जब सवाल पूछते हैं, तो AI उन्हें जवाब देने के साथ-साथ उस जानकारी का स्रोत भी दिखाता है। यह फीचर यूजर से फॉलो-अप सवाल पूछकर उसकी क्वेरी को बेहतर और सटीक बनाने की कोशिश करता है।

बैकग्राउंड में भी जारी रहेगा काम

एक और खासियत यह है कि Search Live बैकग्राउंड में भी चलता है। यानी, यूजर चाहें तो होम स्क्रीन पर लौटकर भी गूगल से बातचीत जारी रख सकते हैं। हालांकि, यह सुविधा कब वैश्विक स्तर पर उपलब्ध होगी, इस पर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।