सोना-चांदी दोनों की कीमतों में बड़ी गिरावट, निवेशकों की नजर वैश्विक हालात पर

Post

India News Live,Digital Desk : सोने की कीमतों में आज लगातार दूसरे दिन गिरावट आई है. कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच ज्वैलर्स और स्टॉकिस्टों की बिकवाली से शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 फीसदी शुद्ध सोने का भाव 600 रुपये गिरकर 99,960 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. बता दें कि गुरुवार को सोने का भाव 150 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 1,00,560 रुपये पर बंद हुआ था. इसके साथ ही आज 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना भी 550 रुपये गिरकर 99,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. गुरुवार को 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना भी 150 रुपये गिरकर 99,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.

चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली

सोने के साथ-साथ आज चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। शुक्रवार को चांदी की कीमत 2,000 रुपये गिरकर 1,05,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई थी। गुरुवार को चांदी की कीमत 1,000 रुपये गिरकर 1,07,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। मेहता इक्विटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटीज) राहुल कलंत्री ने कहा, "चांदी हाल के उच्च स्तर से गिरकर एक सप्ताह के निचले स्तर पर आ गई है और 3 सप्ताह में पहली साप्ताहिक गिरावट की ओर बढ़ रही है। सप्ताह की शुरुआत में तेज उछाल के बाद, यह 35.70 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गई।"

सोने-चांदी की कीमतों के बारे में क्या कहते हैं विशेषज्ञ?

राहुल कलंत्री ने कहा, "यह गिरावट तब आई जब निवेशकों ने इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अन्य जगहों पर घाटे की भरपाई के लिए बुलियन में अपने ट्रेड सेटल किए।" कलंत्री ने कहा कि बैंक ऑफ इंग्लैंड ने गुरुवार को अपनी मौद्रिक नीति बैठक में ब्याज दरें स्थिर रखीं, जिससे कीमती धातुओं में बढ़त सीमित रही। हालांकि, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष और कमजोर रुपये से भी स्थानीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों को समर्थन मिल रहा है।

वैश्विक बाजार में सोने की स्थिति क्या है?

वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 16.72 डॉलर या 0.5 प्रतिशत गिरकर 3,353.67 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। विदेशी बाजारों में हाजिर चांदी 0.77 प्रतिशत गिरकर 36.10 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (शोध विश्लेषक) जतिन त्रिवेदी ने कहा, "व्यापारी अमेरिकी अर्थव्यवस्था में होने वाले घटनाक्रमों पर नजर रखेंगे। व्यापार शुल्क और पश्चिम एशिया में सैन्य भागीदारी अस्थिरता को बढ़ावा देगी। ईरान-इजराइल संघर्ष में अमेरिका की ओर से कमी या गैर-भागीदारी के किसी भी संकेत से सोने पर दबाव बढ़ सकता है। दूसरी ओर, नए सिरे से तनाव बढ़ने से कीमतों को समर्थन मिलेगा।"