गंगा-यमुना उफान पर: प्रयागराज में फिर मंडराया बाढ़ का खतरा
- by Priyanka Tiwari
- 2025-08-27 15:18:00
India News Live,Digital Desk : देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही तेज बारिश ने नदियों का जलस्तर बढ़ा दिया है। गंगा और यमुना समेत कई नदियां उफान पर हैं, जिसकी वजह से प्रयागराज में बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। प्रशासन ने हालात को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है।
मंगलवार सुबह तक गंगा और यमुना दोनों ही चेतावनी बिंदु पार कर चुकी थीं और अब उनका जलस्तर खतरे के निशान (84.73 मीटर) की ओर बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में दोनों नदियों में करीब एक मीटर तक पानी बढ़ा है।
बुधवार सुबह 8 बजे तक यमुना का जलस्तर 83.82 मीटर और फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 83.42 मीटर दर्ज किया गया। स्थिति इसलिए और गंभीर हो रही है क्योंकि केन, बेतवा और चंबल जैसी नदियों का पानी भी यमुना में मिल रहा है। इसके अलावा कई छोटी नदियों के उफान ने भी गंगा और यमुना के जलस्तर को तेजी से बढ़ा दिया है।
सिंचाई विभाग के अनुसार, नौ नदियों से करीब 10 लाख क्यूसेक पानी यमुना में पहुंच रहा है, जिसका असर अगले 24 घंटे में और ज्यादा दिखेगा। इस बाढ़ के कारण अब तक शहर की 24 बस्तियां और 42 गांव पानी में डूब चुके हैं।