रणबीर का राम, यश का रावण – सामने आई नितेश तिवारी की ‘रामायण’ की पहली झलक

Post

India News Live,Digital Desk : लंबे इंतजार के बाद निर्देशक नितेश तिवारी की मेगाबजट फिल्म रामायण की पहली झलक सामने आ गई है। गुरुवार को इसका फर्स्ट लुक पोस्टर और मोशन वीडियो जारी किया गया, जिसमें रणबीर कपूर को भगवान राम, साई पल्लवी को सीता और यश को रावण के रूप में देखा जा सकता है। इस ऐतिहासिक फिल्म को बनाने में करीब एक साल का समय लगा है, और इसकी भव्यता ने पहले ही दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

रणबीर और यश के किरदारों ने बटोरी सुर्खियां

जारी मोशन वीडियो में रणबीर कपूर एकदम दिव्य और शांतचित्त राम के रूप में नजर आ रहे हैं, जबकि यश का रावण अवतार गहराई और भय से भरपूर है। वीडियो की शुरुआत में ब्रह्मा, विष्णु और महादेव की छवियां दिखाई देती हैं, और फिर राम-रावण युद्ध को 'युद्धों का अंत करने वाला युद्ध' बताया गया है।

तीर चलाते दिखे भगवान राम, रावण बना विनाश का प्रतीक

वीडियो में रणबीर तीर चलाते नजर आते हैं, वहीं यश का रावण पूरी दुनिया को नष्ट करने की मुहिम पर दिखाई देता है। इस झलक से साफ है कि फिल्म की वीएफएक्स और प्रस्तुतिकरण पर काफी मेहनत की गई है।

फैंस बोले – “हॉलीवुड भी इसके सामने फीका”

पहली झलक देखने के बाद दर्शकों का उत्साह चरम पर है। कई फैंस ने इसे 3000 करोड़ की भव्यता का प्रतीक बताया, तो किसी ने इसे हॉलीवुड से बेहतर करार दिया। वीएफएक्स की गुणवत्ता ने सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ बटोरी।

फिल्म की शोरील और रिलीज डेट

निर्देशक नितेश तिवारी की इस फिल्म में रणबीर कपूर के साथ-साथ रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में, सनी देओल हनुमान के रूप में और साई पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आएंगी। पहली झलक के बाद अब टीम एक 7 मिनट की लंबी विजुअल शोरील लाएगी, जो थिएट्रिकल रिलीज से पहले रिलीज की जाएगी। फिल्म को दिवाली 2026 के आसपास सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।