सेंसर बोर्ड की कैंची के बाद इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' को मिला U/A 16+ सर्टिफिकेट, जानिए क्या-क्या सीन्स हुए बाहर और कब होगी रिलीज
बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी की इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शुमार 'आवारापन 2' को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से हरी झंडी मिल गई है। फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया गया है, यानी इसे केवल 16 वर्ष या उससे अधिक आयु के दर्शक ही देख सकेंगे। हालांकि, सिनेमाघरों में रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड ने मेकर्स को फिल्म में कई अहम बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड की सलाह पर फिल्म में चाइल्ड ट्रैफिकिंग और ड्रग्स से जुड़े डिस्क्लेमर जोड़े गए हैं, साथ ही एंटी-स्मोकिंग और एंटी-ड्रग स्टैटिक मैसेज भी शामिल किए गए हैं।
हिंसक और ड्रग्स वाले सीन्स पर चली सेंसर बोर्ड की कैंची
सेंसर बोर्ड की समीक्षा के दौरान फिल्म से कुछ अपमानजनक शब्दों को ऑडियो और सब-टाइटल से पूरी तरह हटा दिया गया है। इसके अलावा, सेकेंड हाफ के एक अत्यधिक हिंसक दृश्य को करीब 50 प्रतिशत तक छोटा कर दिया गया है, जबकि तीन अति-हिंसक सीन्स को फिल्म से पूरी तरह से बाहर कर दिया गया है। इसके साथ ही, एक सीन में अभिनेता को नाक से ड्रग्स लेते हुए दिखाया गया था, जिसे भी बोर्ड के निर्देश पर हटा दिया गया है। इन सभी बदलावों को पूरा करने के बाद सीबीएफसी ने 5 अगस्त को फिल्म को आधिकारिक सर्टिफिकेट जारी कर दिया है, जिसके बाद फिल्म का कुल रनटाइम 2 घंटे, 20 मिनट और 20 सेकंड तय किया गया है।
14 अगस्त को सिनेमाघरों में देगीदस्तक और स्टार कास्ट
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ-साथ दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी और खूबसूरत अदाकारा दिशा पाटनी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म आगामी 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। गौरतलब है कि साल 2007 में आई मोहित सूरी की कल्ट फिल्म 'आवारापन' का यह सीक्वल है। पहली फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर सफल न रही हो, लेकिन समय के साथ युवाओं के बीच यह एक कल्ट क्लासिक बन चुकी है, यही वजह है कि 'आवारापन 2' के हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है।