बम की धमकी के चलते एअर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, यात्रियों को होटल में ठहराया गया

Post

नई दिल्ली – बर्मिंघम से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट को शनिवार को एक बम की धमकी मिलने के बाद सऊदी अरब के रियाद में आपात रूप से उतारा गया। एयरलाइन की ओर से जारी बयान में बताया गया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनके ठहरने की व्यवस्था रियाद में ही एक होटल में की गई है।

एअर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि फ्लाइट नंबर AI114, जो 21 जून को बर्मिंघम से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी, को मिल रही धमकी के बाद एहतियातन रियाद डायवर्ट किया गया। वहां विमान की सुरक्षा जांच की गई और फिर सभी यात्रियों को आराम देने की व्यवस्था की गई।

एयरलाइन ने उड़ान सेवाओं में की अस्थायी कटौती

एअर इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया कि हाल ही में अहमदाबाद में हुई एक दुर्घटना के बाद उसने सभी उड़ानों में सुरक्षा जांच को और सख्त कर दिया है। इसके साथ ही, परिचालन की स्थिरता बनाए रखने के लिए कुछ उड़ानें अस्थायी रूप से कम की गई हैं।

कंपनी ने बताया कि पश्चिम एशिया में कुछ हवाई रास्तों के बंद होने, यूरोप और पूर्वी एशिया के कई एयरपोर्ट्स पर नाइट कर्फ्यू और हवाई यातायात की अधिकता जैसे कारणों से उड़ानों में देरी या रद्द होने की स्थिति बन रही है।

चेन्नई से लंदन जा रही फ्लाइट भी लौटी वापस

इसी बीच, एक और घटना में चेन्नई से लंदन के लिए उड़ान भर चुका एक विमान तकनीकी कारणों के चलते उड़ान भरने के तुरंत बाद लौट आया। इसमें कुल 209 यात्री सवार थे। अधिकारियों के अनुसार विमान करीब 4 घंटे की देरी के बाद फिर से लंदन के लिए रवाना हुआ।

दिल्ली-पटना फ्लाइट का रूट भी बदला

शनिवार को दिल्ली से पटना जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को खराब मौसम के कारण वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। मौसम में सुधार होने पर फ्लाइट ने वाराणसी से पटना के लिए दोबारा उड़ान भरी।