शादी के 10 साल बाद गूंजी किलकारी! 45 की उम्र में जुड़वा बच्चों की मां बनीं संभावना सेठ, डिलीवरी रूम का वीडियो देख रो पड़ीं एक्ट्रेस

Post

भोजपुरी सिनेमा और टीवी जगत की मशहूर एक्ट्रेस संभावना सेठ के घर खुशियों ने दस्तक दी है। शादी के पूरे 10 साल बाद संभावना सेठ और उनके पति अविनाश द्विवेदी के आंगन में किलकारी गूंजी है। एक्ट्रेस 45 साल की उम्र में जुड़वा (ट्विन्स) बच्चों की मां बन गई हैं। संभावना ने अपने फैंस के साथ यह बेहद खास और इमोशनल कर देने वाली गुड न्यूज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और अपने यूट्यूब व्लॉग के जरिए शेयर की है। मां बनने का सुख मिलने के बाद एक्ट्रेस के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

सरोगेसी से हुआ लक्ष्मी-गणेश का आगमन, इस साल जल्दी आ गई 'महादिवाली'

संभावना सेठ और अविनाश द्विवेदी के घर में एक बेटा और एक बेटी ने जन्म लिया है। एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बच्चों के साथ बेहद खूबसूरत तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिसमें उनके चेहरे पर पेरेंट्स बनने की खुशी साफ झलक रही है।

तस्वीरें शेयर करते हुए संभावना ने बेहद इमोशनल कैप्शन लिखा, "इस साल हमारे घर महादिवाली थोड़ी जल्दी आ गई है। लक्ष्मी और गणेश दोनों एक साथ हमारे घर पधार चुके हैं। हमारे दिल इस समय भगवान के प्रति कृतज्ञता से भरे हुए हैं। हर-हर महादेव।"

8 बार फेल हुआ था IVF, झेला असहनीय दर्द; अब सरोगेसी ने पूरा किया सपना

मां बनने के लिए संभावना सेठ ने अपने जीवन में एक लंबा और बेहद दर्दनाक सफर तय किया है। एक्ट्रेस ने पहले अपने व्लॉग्स में खुलकर बताया था कि उन्होंने मां बनने के लिए कम से कम 8 बार आईवीएफ (IVF) ट्रीटमेंट का सहारा लिया था। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान उन्होंने शारीरिक और मानसिक रूप से काफी दर्द झेला, लेकिन बदकिस्मती से उनका एक भी आईवीएफ सफल नहीं हो सका था।

लगातार मिल रही असफलताओं के बाद आखिरकार दोनों ने सरोगेसी (Surrogacy) का रास्ता चुना। अब 45 साल की उम्र में सरोगेसी की मदद से संभावना का मां बनने का अधूरा सपना सच हो गया है।

डिलीवरी रूम का वीडियो देख फूट-फूटकर रोईं संभावना, पति अविनाश ने संभाला

अपनी खुशियों को फैंस के साथ बांटते हुए संभावना सेठ ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक बेहद भावुक कर देने वाला व्लॉग भी शेयर किया है। इस वीडियो में उन्होंने सेरोगेट मदर के जरिए हुए अपने बच्चों की डिलीवरी की कुछ झलकियां साझा की हैं।

डिलीवरी रूम के अंदर अपने नन्हे-मुन्नों के जन्म की लाइव वीडियो फुटेज देखते ही संभावना सेठ खुद पर काबू नहीं रख पाईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। सोशल मीडिया पर सामने आई एक तस्वीर में संभावना अपनी आंखों से खुशी के आंसू पोंछती दिख रही हैं, वहीं उनके पति अविनाश द्विवेदी उन्हें गले लगाकर संभालते और ढांढस बंधाते नजर आ रहे हैं। इस भावुक सफर को देख फैंस और बॉलीवुड सेलेब्स लगातार कपल को बधाइयां दे रहे हैं।