BREAKING:
August 10 2026 02:23 am

Dhurandhar 2: संजय दत्त को उनके ही गाने 'तम्मा-तम्मा' पर उड़ाने से पहले डरे हुए थे हीरव मेहता, बोले- 'जिन्न को मारा तो मिला प्यार'

Post

India News Live,Digital Desk : आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' (Dhurandhar: The Revenge) बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। फिल्म के मुख्य किरदारों के साथ-साथ इसके छोटे-छोटे पात्र भी दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ रहे हैं। ऐसा ही एक किरदार है वह 'बलोच लड़का', जिसने फिल्म में सुसाइड बॉम्बर बनकर एसपी असलम (संजय दत्त) की गाड़ी को उड़ा दिया था। यह रोल निभाने वाले एक्टर हीरव मेहता इन दिनों फिल्म की सक्सेस और खुद पर बन रहे मीम्स को खूब एंजॉय कर रहे हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में हीरव ने उस खौफनाक और यादगार सीन की शूटिंग से जुड़े अपने डर का खुलासा किया है।

संजय दत्त को मारने का पता चला तो धड़कने लगा था दिल

हीरव मेहता ने 'स्क्रीन' से बातचीत में बताया कि जिस दिन उन्हें स्क्रिप्ट मिली और पता चला कि उन्हें स्क्रीन पर संजय दत्त जैसे दिग्गज अभिनेता के किरदार की हत्या करनी है, तो वह सुन्न रह गए थे। हीरव ने कहा, "जब मुझे पता चला कि मैं एसपी असलम को मारने जा रहा हूं, तो मेरा दिल तेजी से धड़कने लगा। मैं बहुत नर्वस था, लेकिन मुझे पता था कि यह खुद को साबित करने का मौका है।" उन्होंने सुसाइड बॉम्बर के किरदार में ढलने के लिए कड़ी मेहनत की और उस विशेष मानसिकता को समझने का प्रयास किया।

आदित्य धर की ब्रीफिंग ने बदली सोच

हीरव ने बताया कि फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने उन्हें सीन से पहले बहुत ही शानदार ढंग से ब्रीफ किया। उन्होंने हीरव को समझाया कि उस बलोच लड़के के मन में कितना गुस्सा है। हीरव ने कहा, "आदित्य सर ने मुझसे कहा कि सोचो तुम बलोचिस्तान में शिरानी साहब के राइट हैंड हो, तुम्हारे दोस्त की हत्या हुई है और तुम्हारे लोगों के पानी में जहर मिलाया गया है। तुम्हें बदला लेना है और अपनी जान कुर्बान करनी है। बस इसी माइंडसेट ने मुझे वह सीन करने में मदद की।"

संजू बाबा का इंटेंस लुक और तम्मा-तम्मा का तड़का

संजय दत्त के साथ काम करने के अनुभव पर हीरव ने बताया कि जब उन्होंने संजू बाबा को रेंज रोवर से निकलते देखा, तो उनके चेहरे का इंटेंस लुक देखकर वह सहम गए थे। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में जिस वक्त हीरव का किरदार धमाका करता है, उस समय बैकग्राउंड में संजय दत्त का ही सुपरहिट गाना 'तम्मा-तम्मा' बज रहा होता है। हीरव ने बताया कि उन्हें डर था कि संजय दत्त के ही गाने पर उन्हें मारने के बाद फैंस उन्हें नफरत करेंगे, लेकिन नतीजा इसके बिल्कुल उलट रहा।

"एक जिन्न को मारा था, इसलिए मिली तारीफ"

हीरव मेहता को लगा था कि एसपी असलम जैसे ताकतवर किरदार को खत्म करने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाएगा, लेकिन दर्शकों ने उन्हें खूब प्यार दिया। हीरव ने हंसते हुए कहा, “लोग अब सड़कों पर गाड़ी रोककर मुझसे कहते हैं कि भाई एसपी को क्या शानदार तरीके से उड़ाया है। दरअसल, मैंने फिल्म में एक 'जिन्न' (क्रूर किरदार) को मारा था, इसलिए लोगों ने मुझे नफरत के बजाय बहुत प्यार दिया।”