BREAKING:
August 16 2026 12:06 am

'इस आतंकवाद को जड़ से उखाड़ना जरूरी...' सूर्या हत्याकांड पर देवोलीना का यूपी के सीएम को ट्वीट, हत्यारे के मां-बाप को भी हो फांसी

Post

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से सामने आए सनसनीखेज सूर्या चौहान हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। मामूली बात पर हुई इस बेरहमी से हत्या के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। अब इस मुद्दे पर टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी का भी गुस्सा फूट पड़ा है। देवोलीना ने सोशल मीडिया पर सूर्या की हत्या का एक खौफनाक वीडियो रीशेयर करते हुए अपराधियों के साथ-साथ उनके पूरे परिवार को सख्त सजा दिलाने की मांग की है। अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाने वाली एक्ट्रेस ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग करते हुए एक ट्वीट किया है, जो इस समय इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। देवोलीना ने लिखा है कि हत्यारे की घटिया सोच और परवरिश के लिए उसके मां-बाप को भी फांसी की सजा होनी चाहिए।

मामूली विवाद में चाकू से गोदकर कर दी थी सूर्या की हत्या

आपको बता दें कि यह दिल दहला देने वाली वारदात गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में अंजाम दी गई थी। पुलिस जांच के अनुसार, महज बाइक चलाने जैसी मामूली बात को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ था। मुख्य आरोपी असद के दोस्त फरहान ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया कि 28 मई की दोपहर करीब 3 बजे सूर्या और असद के बीच बहस हुई थी। विवाद बढ़ने पर फरहान ने असद को चाकू लाकर दिया। वहीं, असद के पिता नवाब ने अपने बेटे को सूर्या की 'कहानी खत्म' करने के लिए बुरी तरह उकसाया। इसके बाद असद ने सरेराह सूर्या चौहान के पेट और शरीर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।

देवोलीना भट्टाचार्जी का ट्वीट: 'मां-बाप सहित सबको मिले फांसी'

सूर्या हत्याकांड के वायरल वीडियो और मुख्य आरोपी की रील पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए देवोलीना ने सीएम योगी आदित्यनाथ को टैग कर लिखा:

"इस आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकना बहुत जरूरी है... घटिया सोच, घटिया परवरिश और घटिया संस्कार... हत्यारे के मां-बाप सहित इस वारदात में शामिल सबको फांसी दे देनी चाहिए। देश में 'रेयरेस्ट ऑफ रेयर' मामलों की जो भी सबसे कड़ी सजा है, वो इन सबको पूरे परिवार सहित मिलनी चाहिए।"

मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर, पिता और दोस्त गिरफ्तार

इस मामले में यूपी पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। गाजियाबाद पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ (Encounter) में मुख्य आरोपी असद को मार गिराया जा चुका है। देवोलीना ने ऑथर शेफाली वैद्य के एक वीडियो को रीट्वीट करते हुए असद के एनकाउंटर पर खुशी भी जताई है। उन्होंने लिखा, "यह वही असद है जिसने गाजियाबाद में इतनी बेरहमी से सूर्या की हत्या की। इसकी हिम्मत तो देखो जो इंस्टाग्राम रील पर मर्डर के बाद शेखी बघार रहा था। मुझे खुशी है कि यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में इसे खत्म कर दिया।" इसके अलावा पुलिस इस मामले में असद के पिता नवाब, चाकू देने वाले दोस्त फरहान और आतिफ सहित तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

सोशल मीडिया पर देवोलीना के बयान पर छिड़ी बहस

देवोलीना भट्टाचार्जी के इस बेहद आक्रामक ट्वीट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के बीच बहस छिड़ गई है। जहां एक तरफ अधिकांश लोग एक्ट्रेस की इस मांग का समर्थन कर रहे हैं और यूपी पुलिस के एनकाउंटर की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग उनके पूरे परिवार को सजा देने की बात से असहमत दिखे। देवोलीना के पोस्ट पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, "मैडम, इसमें उसके परिवार की क्या गलती है? अगर कल को तेरे घर में कोई कुछ गलत करेगा, तो क्या उसकी सजा तुझको भी दी जानी चाहिए? जो गलत है सिर्फ उसके खिलाफ बोलो, पूरे परिवार को बीच में मत लाओ।" हालांकि, देवोलीना अपने इस स्टैंड पर पूरी तरह कायम हैं कि अपराधियों को पनाह देने और अपराध के लिए उकसाने वाले माता-पिता भी उतने ही बड़े गुनहगार हैं।