दिल्ली की हवा बनी दुनिया के लिए चिंता, कई देशों ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
India News Live,Digital Desk : दिल्ली में ठंड बढ़ने के साथ ही प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। राजधानी के अधिकांश इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 500 के आसपास पहुंच चुका है। हालात इतने खराब हैं कि सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। इसी बीच कनाडा, सिंगापुर और यूनाइटेड किंगडम जैसे कई देशों ने अपने नागरिकों के लिए दिल्ली को लेकर ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का असर हर तरफ साफ दिख रहा है। आनंद विहार जैसे इलाकों में AQI 493 तक दर्ज किया गया, जबकि कई जगहों पर यह 500 के करीब पहुंच गया। हवा में घुली जहरीली गैसों और धुंध ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित किया है।
सिंगापुर ने अपने नागरिकों को किया सतर्क
नई दिल्ली स्थित सिंगापुर उच्चायोग ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि प्रदूषण के चलते उड़ानों पर असर पड़ सकता है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे दिल्ली आने या यहां से जाने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति जरूर जांच लें।
एडवाइजरी में कहा गया है कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा GRAP-4 लागू कर दिया गया है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर में रहने या यात्रा करने वाले सिंगापुर के नागरिक सतर्क रहें और जरूरत पड़ने पर उच्चायोग से संपर्क करें।
यूके ने भी दी स्वास्थ्य को लेकर चेतावनी
यूनाइटेड किंगडम ने भी भारत यात्रा को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासतौर पर गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिल या सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को डॉक्टर से सलाह लेने को कहा गया है।
यूके की एडवाइजरी में कहा गया है कि अक्टूबर से फरवरी के बीच उत्तर भारत के कई शहरों में प्रदूषण गंभीर स्तर पर रहता है, जो स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
कनाडा की ट्रैवल एडवाइजरी
कनाडा ने भी दिल्ली के हालात को देखते हुए चेतावनी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि सर्दियों में धुंध और प्रदूषण के कारण सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को खास परेशानी हो सकती है। ऐसे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
दिल्ली में AQI ने छुआ खतरनाक स्तर
सोमवार सुबह दिल्ली घने कोहरे और धुंध की चपेट में रही। हवा इतनी खराब थी कि लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानों पर भी असर पड़ा।
दिल्ली के 40 में से 38 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया। जहांगीरपुरी में AQI 498 तक पहुंचा, जबकि वजीरपुर में यह 500 के आंकड़े को छू गया।