June 18 2026 05:13 am

Delhi Classroom Scam : पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन से ACB की लंबी पूछताछ, बोले- "यह सब ध्यान भटकाने की चाल है"

Post

India News Live, Digital Desk: दिल्ली के सरकारी स्कूलों में कक्षाओं के निर्माण में हुए कथित 2000 करोड़ रुपये के घोटाले को लेकर दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन से शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने करीब पांच घंटे तक पूछताछ की। यह पूछताछ सिविल लाइंस स्थित ACB मुख्यालय में हुई, जहां जैन से लगभग 35 सवाल पूछे गए। बताया गया है कि वह किसी भी सवाल का संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके।

पूछताछ से पहले जैन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पिछली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए काम किया था, जबकि मौजूदा भाजपा सरकार केवल राजनीतिक स्टंट कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए ऐसे मामलों को हवा दे रही है।

सत्येंद्र जैन ने कहा, "पहले ये बताइए कि 'घोटाले' का शब्द आया कहां से? भाजपा को असली मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं है, इसलिए ये सब चालें चली जा रही हैं। निजी स्कूलों को फायदा पहुंचाने के लिए फीस बढ़ाने में मदद की जा रही है।"

उन्होंने आगे कहा, "पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने स्कूलों में सराहनीय कार्य किया है, फिर भी उन्हें तलब किया गया। अब मुझे भी बुलाया गया है। यह सब एक साज़िश का हिस्सा है।"

ACB ने इस मामले में मनीष सिसोदिया को भी नोटिस जारी किया है और उन्हें 9 जून को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। आरोप है कि दिल्ली सरकार के स्कूलों में 12,000 से अधिक कक्षाओं और अर्ध-स्थायी ढांचों के निर्माण में लगभग 2000 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं। इस मामले में ACB ने 30 अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज की थी।