दीपिका पादुकोण ने रचा इतिहास, बनीं हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम में शामिल होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री

Post

India News Live,Digital Desk : बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। अभिनय के क्षेत्र में अपने योगदान और ग्लोबल पहचान के चलते अब दीपिका का नाम हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम में दर्ज होने जा रहा है। वह इस प्रतिष्ठित सम्मान को पाने वाली पहली भारतीय सेलिब्रिटी बन गई हैं, जिससे देशवासियों को गर्व महसूस हो रहा है।

हॉलीवुड प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुआ ऐलान
बुधवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपिका के नाम की घोषणा की गई। इस मौके पर उनके साथ हॉलीवुड की कई दिग्गज हस्तियों जैसे माइली साइरस, टिमोथी चालमेट, एमिली ब्लंट, कोटिलार्ड, रेचल मैकएडम्स, फ्रेंको नीरो और शेफ गॉर्डन रामसे के नाम भी शामिल थे, जिन्हें वर्ष 2026 में हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम स्टार से सम्मानित किया जाएगा।

हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम क्या है?
हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम कैलिफोर्निया की एक विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। इस 15 ब्लॉक लंबी सड़क पर अब तक 2500 से अधिक सितारों के नाम दर्ज किए जा चुके हैं। अब इस चमचमाते इतिहास में दीपिका पादुकोण का नाम भी जुड़ जाएगा, जो भारतीय सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।

दीपिका की हॉलीवुड यात्रा
दीपिका ने 2017 में हॉलीवुड फिल्म 'XXX: रिटर्न ऑफ ज़ेंडर केज' से इंटरनेशनल डेब्यू किया था, जिसमें उन्होंने हॉलीवुड स्टार विन डीजल के साथ काम किया था। इसके अलावा वह मेट गाला और कान्स फिल्म फेस्टिवल जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों में अपनी शानदार मौजूदगी से भी सुर्खियां बटोर चुकी हैं। उन्हें टाइम मैगजीन की ‘100 सबसे प्रभावशाली लोगों’ की सूची में भी शामिल किया गया था।

दीपिका की यह उपलब्धि न केवल उनकी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है, बल्कि यह भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए भी एक बड़ी जीत है।