June 19 2026 02:17 am

चंडीगढ़ जीआरपी और मुरादाबाद टीटीई की टीमवर्क से तस्करी का भंडाफोड़

Post

India News Live,Digital Desk : मुरादाबाद के टीटीई स्टाफ की सतर्कता से एक बार फिर नशे की तस्करी का मामला सामने आया है। डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15903) में करीब 16 किलो गांजा बरामद किया गया। चंडीगढ़ जीआरपी ने मौके पर गांजा जब्त कर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

दरअसल, दरभंगा-चंडीगढ़ एक्सप्रेस के एसी कोच बी-4 में यात्रियों ने एक लावारिस बैग देखा और तुरंत ड्यूटी पर मौजूद मुरादाबाद टीटीई स्टाफ को इसकी जानकारी दी। उस समय ट्रेन में भरत मीणा, मुकेश सैनी, राजा और अनिल कुमार ड्यूटी पर थे। टीटीई टीम ने तुरंत मुरादाबाद कंट्रोल को खबर दी।

जब तक सूचना भेजी जाती, ट्रेन लक्सर जंक्शन से निकल चुकी थी। ऐसे में टीटीई स्टाफ ने बी-4 कोच की बर्थ नंबर 41 पर रखे उस बैग पर नज़र बनाए रखी। अंबाला स्टेशन पर भी इसकी सूचना दी गई, लेकिन बैग को उतारा नहीं गया, क्योंकि शक था कि चंडीगढ़ में कोई व्यक्ति उसे लेने आएगा।

चंडीगढ़ पहुंचने पर भी जब कोई बैग लेने नहीं आया, तब प्लेटफार्म नंबर 3 पर जीआरपी ने मुरादाबाद टीटीई टीम की मौजूदगी में बैग खोला। उसमें लाल पॉलीथिन में पैक करीब 16 किलो गांजा बरामद हुआ।

यात्रियों से पूछताछ में सामने आया कि यह बैग गोरखपुर से ही ट्रेन में रखा गया था। खास बात यह है कि पिछले दो महीनों में यह तीसरी बड़ी कामयाबी है, जब मुरादाबाद टीटीई स्टाफ की सतर्कता से अलग-अलग मामलों का खुलासा हुआ। पहले एक स्पेशल ट्रेन में लावारिस बैग से नवजात शिशु मिला था, फिर सीटीआई जितेंद्र ने तीन लड़कियों को बिना टिकट पकड़ा था, जिससे सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ। और अब यह तीसरा मामला गांजा बरामद होने का सामने आया है।