BREAKING:
August 04 2026 10:03 pm

बेन स्टोक्स को इस बात का हुआ अचम्भा: हैरी ब्रूक को क्यों नहीं मिली इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी? जो रूट की वापसी पर जताई चिंता

Post

इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (जिन्होंने जून 2026 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था) ने हाल ही में एक बड़ा बयान दिया है। स्टोक्स ने इस बात पर गहरी हैरानी जताई है कि सीमित ओवरों (वनडे और टी20) के कप्तान हैरी ब्रूक को टेस्ट टीम की कमान क्यों नहीं सौंपी गई।

अपने संन्यास के बाद स्टोक्स ने ब्रूक को टेस्ट कप्तान बनाए जाने का खुला समर्थन किया था, क्योंकि वह टीम के उपकप्तान भी हैं। हालांकि, चयनकर्ताओं ने स्टोक्स की सलाह को दरकिनार करते हुए एक बार फिर जो रूट को इंग्लैंड की टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त कर दिया है।

'इससे ब्रूक को क्या मैसेज जाएगा?'

लव ऑफ क्रिकेट पॉडकास्ट पर बातचीत करते हुए स्टोक्स ने कहा, "मेरा मानना है कि अगर आपको लगता है कि कोई अच्छा कप्तान या लीडर साबित होगा, तो उसे यह जिम्मेदारी सौंप देनी चाहिए। मैं चयनकर्ताओं का तर्क समझ सकता हूँ, लेकिन फिर भी मन में सवाल था कि इससे ब्रूक को क्या संदेश जाएगा? वह उपकप्तान हैं, लेकिन कप्तान के उपलब्ध न होने पर भी ब्रूक को बागडोर नहीं दी गई।"

जो रूट की वापसी और कोचिंग स्टाफ में बदलाव

जो रूट इससे पहले 2017 से 2022 तक इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान रह चुके हैं, जिनकी अगुवाई में टीम ने 65 टेस्ट मैचों में से 27 में जीत दर्ज की थी।

इसके साथ ही, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज स्टीफन फ्लेमिंग को टेस्ट टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। फ्लेमिंग ने ब्रेंडन मैकुलम की जगह ली है, हालांकि मैकुलम वनडे और टी20 टीमों के कोच बने रहेंगे। उल्लेखनीय है कि स्टीफन फ्लेमिंग ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को रिकॉर्ड पांच बार खिताब जिताया है और बेन भी सीएसके का हिस्सा रह चुके हैं।

जो रूट को लेकर बेन स्टोक्स की चिंता

भले ही स्टोक्स ने रूट के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी हों, लेकिन उनके मन में रूट की पुरानी कप्तानी के दौर को लेकर एक डर भी है। स्टोक्स ने कहा, "मैं रूट के लिए सफलता की कामना करता हूं। मुझे यकीन है कि फ्लेमिंग के साथ काम करने में उन्हें मजा आएगा। लेकिन मैंने रूट से कहा कि मेरी एकमात्र चिंता सिर्फ आप हैं। मैंने देखा है कि वह किन कठिन हालात से गुजरे हैं। वह हमेशा टीम को पहले रखते हैं। मैं नहीं चाहता कि वैसा दौर दोबारा आए क्योंकि मैं उनकी बहुत परवाह करता हूं।"