पीएम मोदी से मुलाकात के बाद प्रभावित हुए एएसएमएल सीईओ, दिल खोलकर की सराहना
India News Live,Digital Desk : भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि दुनिया भर में बढ़ती जा रही है। अब डच सेमीकंडक्टर कंपनी एएसएमएल (ASML) के शीर्ष अधिकारी भी उनके कामकाज और मिलनसार स्वभाव से प्रभावित हुए हैं।
एएसएमएल के ग्लोबल पब्लिक अफेयर्स के एग्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट फ्रैंक हेम्सकेर्क ने हाल ही में पीएम मोदी की खुलकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि कंपनी के सीईओ ने हाल के दिनों में प्रधानमंत्री मोदी से करीब दो घंटे मुलाकात की थी। इस दौरान पीएम मोदी ने न सिर्फ ध्यान से उनकी बातें सुनीं बल्कि उनसे सुझाव भी मांगे कि भारत और क्या बेहतर कर सकता है।
फ्रैंक हेम्सकेर्क ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात करना आसान है, जबकि यूरोपीय यूनियन के नेताओं तक पहुंच बनाना इतना सरल नहीं होता। उन्होंने यहां तक कह दिया कि व्हाइट हाउस में किसी वरिष्ठ अधिकारी से मिलना, ईयू कमिश्नर से मिलने की तुलना में कहीं आसान है।
पीएम मोदी के अंदाज़ से सीखने की बात
एएसएमएल अधिकारी ने यह भी कहा कि यूरोप के नीति-निर्माताओं को पीएम मोदी से सीखना चाहिए कि निवेश करने वाली कंपनियों के साथ सीधे बैठकर बातचीत कैसे की जाती है। उनका मानना है कि राजनीतिक नेतृत्व और उद्योग जगत के बीच ऐसा संवाद बेहद जरूरी है।
भारत की सेमीकंडक्टर क्रांति
यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत तेजी से सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। अगस्त महीने में पीएम मोदी को देश की पहली स्वदेशी चिप "विक्रम" भेंट की गई थी, जिसे इसरो की सेमीकंडक्टर लैब ने बनाया है। पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यह भी घोषणा की थी कि ‘मेड इन इंडिया’ चिप जल्द ही बाजार में उपलब्ध होगी।
भारत सरकार ने 2021 में 76,000 करोड़ रुपये के साथ "भारत सेमीकंडक्टर मिशन" की शुरुआत की थी। इस योजना का उद्देश्य घरेलू स्तर पर सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देना है।
स्पष्ट है कि भारत अब तकनीक और चिप निर्माण के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाने के लिए तैयार है, और दुनिया की दिग्गज कंपनियां भी इसे गंभीरता से देख रही हैं।