Asia Cup controversy : आईसीसी ने पीसीबी की एंडी पाइक्रॉफ्ट हटाने की मांग खारिज की, भारत ने सुपर 4 में जगह बनाई
India News Live,Digital Desk : आईसीसी ने एशिया कप से मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की पीसीबी की मांग को खारिज कर दिया है। आईसीसी ने मामले की जाँच के बाद पीसीबी को अपने फैसले से अवगत करा दिया है। दरअसल, पीसीबी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट निदेशक समेत कुछ एसीसी अधिकारियों को पहले से ही पता था कि दोनों कप्तानों के बीच हाथ मिलाने की कोई संभावना नहीं है।
पीसीबी ने आईसीसी को लिखे पत्र में साफ़ कहा था कि अगर एंडी पाइक्रॉफ्ट को नहीं हटाया गया, तो वे अपनी टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर देंगे। पाकिस्तान का अगला मैच कल यूएई से है। एशिया कप मैच के बाद भारतीय टीम के पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने के फ़ैसले ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए मैच रेफ़री एंडी पाइक्रॉफ्ट को इसके लिए ज़िम्मेदार ठहराया है और उन्हें हटाने की माँग की है।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 7 विकेट से मिली जीत के बाद इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि यह कदम पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए 26 पर्यटकों के परिवारों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए उठाया गया था। पीसीबी ने इस पूरे मामले की शिकायत एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) से की है और आईसीसी से भी हस्तक्षेप की मांग की है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने धमकी दी है कि अगर पाइक्रॉफ्ट को नहीं हटाया गया तो वह टूर्नामेंट से हट जाएगा।
नकवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि पीसीबी ने क्रिकेट भावना और आईसीसी आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई है और मैच रेफरी को तुरंत हटाने की मांग की है। सूत्रों के अनुसार, एसीसी बीच का रास्ता तलाश रहा है और पाइक्रॉफ्ट को केवल पाकिस्तान से जुड़े मैचों से हटाने पर विचार कर सकता है। 69 वर्षीय ज़िम्बाब्वे के इस खिलाड़ी को फिलहाल बुधवार को यूएई के खिलाफ पाकिस्तान के अंतिम ग्रुप मैच में अंपायरिंग करनी है।
भारत सुपर 4 में पहुंचा
रविवार को पाकिस्तान पर सात विकेट की ज़बरदस्त जीत से भारत को चार अंक मिले, जिससे वह अगले दौर में पहुँच गया है। यूएई की जीत ने सुपर 4 में पहुँचने की उसकी उम्मीदों को ज़िंदा रखा है। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। पाकिस्तान के साथ यूएई के भी दो अंक हैं। अब ग्रुप ए से सुपर 4 में जाने के लिए इन दोनों टीमों के बीच नॉकआउट मुकाबला होगा। यूएई और पाकिस्तान बुधवार, 17 सितंबर को एक अहम मुकाबले में भिड़ेंगे। जीतने वाला अगले दौर में प्रवेश करेगा।