84 करोड़ के केस के बीच OTT पर दस्तक देगी ‘तेरे इश्क में’, जानिए धनुष की हिट फिल्म कहां होगी स्ट्रीम
India News Live,Digital Desk : निर्देशक आनंद एल राय की रोमांटिक फिल्म तेरे इश्क में ने बीते साल रिलीज के साथ ही दर्शकों के बीच खास जगह बना ली थी। साउथ सुपरस्टार धनुष और कृति सेनन की फ्रेश जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब लंबे समय से फैंस इसकी ओटीटी रिलीज का इंतजार कर रहे थे।
हालांकि, फिल्म इन दिनों एक बड़े कानूनी विवाद की वजह से भी सुर्खियों में है, जहां 84 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग को लेकर मामला बॉम्बे हाई कोर्ट तक पहुंच चुका है।
OTT पर कब और कहां आएगी ‘तेरे इश्क में’
तेरे इश्क में 28 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और रिलीज के बाद इसे दर्शकों और समीक्षकों दोनों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। अब ओटीटी रिलीज को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है।
फिल्म को 23 जनवरी, शुक्रवार से नेटफ्लिक्स (Netflix) पर स्ट्रीम किए जाने की संभावना है। नेटफ्लिक्स के “कमिंग सून” सेक्शन में फिल्म का नाम नजर आ रहा है, हालांकि अभी तक प्लेटफॉर्म की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि बहुत जल्द दर्शक इसे घर बैठे देख सकेंगे।
बॉक्स ऑफिस पर रही शानदार कमाई
कमर्शियल फ्रंट की बात करें तो तेरे इश्क में ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। करीब 65 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 112 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया। वहीं वर्ल्डवाइड कमाई 160 करोड़ रुपये के पार रही, जो इसे साल की सफल फिल्मों में शामिल करती है।
फिल्म को लेकर क्यों खड़ा हुआ विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इरोज इंटरनेशनल मीडिया लिमिटेड ने फिल्म के निर्देशक आनंद एल राय और उनके प्रोडक्शन हाउस कलर येलो मीडिया एंटरटेनमेंट LLP के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में कमर्शियल आईपी केस दायर किया है।
इरोज की याचिका में आरोप लगाया गया है कि तेरे इश्क में को फिल्म रांझणा की गुडविल का इस्तेमाल करते हुए एक तरह के स्पिरिचुअल सीक्वल के रूप में प्रमोट किया गया। इसी आधार पर 84 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की गई है।
इस केस में टी-सीरीज, लेखक हिमांशु शर्मा और फिल्म के ओटीटी पार्टनर नेटफ्लिक्स को भी पक्षकार बनाया गया है। फिलहाल मामले पर कोर्ट की सुनवाई जारी है।