BREAKING:
August 14 2026 11:18 pm

होर्मुज पर आमने-सामने अमेरिका-ईरान: ट्रंप के 'पूरे कब्जे' के दावे पर अराघची का कड़ा पलटवार

Post

पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और सैन्य संघर्ष के बीच अब दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग यानी 'स्ट्रेट आफ होर्मुज' (Strait of Hormuz) को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच जुबानी जंग अपने चरम पर पहुंच गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा जलडमरूमध्य पर पूर्ण नियंत्रण होने के दावों के बाद ईरान ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। ईरानी नेतृत्व ने वॉशिंगटन को चेतावनी देते हुए कहा है कि गलत और भ्रामक खुफिया आकलन के आधार पर उठाए गए कदम पश्चिम एशिया में स्थिति को और अधिक खतरनाक बना सकते हैं।

ट्रंप का दावा: होर्मुज पर अमेरिकी नौसेना एक "स्टील की दीवार"

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर बड़ा बयान देते हुए दावा किया है कि स्ट्रेट आफ होर्मुज पर अमेरिकी नौसेना का "पूर्ण नियंत्रण" है और अमेरिका इस स्थिति को पूरी मजबूती से बनाए रखेगा। ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना की इस उपस्थिति को एक ऐसी अजय "स्टील की दीवार" करार दिया, जिसका ईरान चाहकर भी मुकाबला नहीं कर सकता। इसके साथ ही उन्होंने ईरान पर सिर्फ मौखिक बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब पश्चिम एशिया में ईरान का पुराना रसूख और दबदबा नहीं रहा है।

अराघची का पलटवार: "फर्जी खुफिया जानकारी फर्जी खबर से भी बदतर"

ट्रंप के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर करारा पलटवार किया। अराघची ने लिखा कि "फर्जी खुफिया जानकारी फर्जी खबर से भी बदतर" साबित हो सकती है। उन्होंने अमेरिका को होर्मुज के सामरिक मामलों को लेकर किसी भी तरह के गलत आकलन से बचने की सख्त चेतावनी दी है। ईरानी विदेश मंत्री के मुताबिक, ईरान पर सैन्य हमलों से पहले भी अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के आंकलन में बड़ी और गंभीर गलतियों का सामना करना पड़ा था, और अब वही पुरानी गलतियां होर्मुज के मामले में दोबारा दोहराई जा रही हैं।

वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी

इस भू-राजनीतिक तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। कमजोर वैश्विक मांग और अमेरिका में कच्चे तेल के कमर्शियल रिजर्व में हुई तेज बढ़ोतरी के चलते गुरुवार को तेल के दाम 87 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गए। रॉयटर की रिपोर्ट के अनुसार, ब्रेंट क्रूड करीब 2.47 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 86.78 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा, जबकि अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 2.81 प्रतिशत लुढ़ककर 80.93 डॉलर पर आ गया। अमेरिकी कच्चे तेल के भंडार में 1.74 करोड़ बैरल की भारी साप्ताहिक बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो पिछले साल जून के बाद सबसे बड़ा उछाल माना जा रहा है। इसके अलावा ओपेक और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) ने भी वर्ष 2026 के लिए वैश्विक तेल मांग के अनुमानों को घटा दिया है।

हूती विद्रोहियों के हमलों से लाल सागर में बढ़ा तनाव

दूसरी ओर, लाल सागर और आसपास के समुद्री इलाकों में यमन के हूती विद्रोहियों की सक्रियता ने तनाव को और बढ़ा दिया है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के खिलाफ नए हमलों को अंजाम देने का दावा किया है। उनके अनुसार, लाल सागर में एक सैन्य परिवहन जहाज को निशाना बनाया गया और यमन के भीतर सऊदी समर्थित सैन्य ठिकानों पर ड्रोन व मिसाइलें दागी गईं। हालांकि इन हमलों में हुए नुकसान और हताहतों के दावों की अभी तक किसी स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय एजेंसी द्वारा पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने इन आक्रामक हरواकतों का कड़ा जवाब देने का ऐलान किया है।