BREAKING:
September 18 2026 04:23 pm

संसद भवन में फिर घुसपैठ, युवक दीवार कूदकर पहुँचा गरुड़ द्वार, सुरक्षा बलों ने दबोचा

Post

India News Live,Digital Desk : संसद भवन में आज सुबह सुरक्षा चूक का एक और मामला सामने आया। खबरों के अनुसार, एक युवक पेड़ पर चढ़कर दीवार फांदते हुए संसद भवन परिसर में घुस गया। हालांकि, सतर्क सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और हिरासत में ले लिया।

घटना सुबह करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। युवक रेल भवन की ओर से दीवार कूदकर सीधे नए संसद भवन के गरुड़ द्वार तक पहुँच गया। वहाँ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक लिया। राज्यसभा के एक अधिकारी ने भी इस बात की पुष्टि की कि युवक ने संसद भवन परिसर की दीवार फांदी थी। जानकारी के मुताबिक, आरोपी पहले एक पेड़ पर चढ़ा और फिर दीवार पार करके भीतर आ गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। बताया गया कि रेल भवन के पास हमेशा पीसीआर तैनात रहती है। ड्यूटी पर मौजूद पीसीआर कर्मियों ने युवक को दीवार फांदते देखा और पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। तभी शोर मचने पर सीआईएसएफ ने उसे घेर लिया और पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

फिलहाल, आरोपी से दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और अन्य जांच एजेंसियाँ पूछताछ कर रही हैं, ताकि उसकी मंशा और पृष्ठभूमि का पता लगाया जा सके।