इंडिगो की उड़ानों के रद्द होने के बाद यात्रियों के लिए बड़ा ऐलान, मिलेगा 10 हजार का ट्रैवल वाउचर

Post

India News Live,Digital Desk : दिसंबर की शुरुआत में देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की कई उड़ानें लगातार रद्द होने से यात्रियों में भारी परेशानी पैदा हुई थी। इस क्राइसिस के चलते लाखों लोग घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे और कई एयरपोर्ट पर सूटकेस के ढेर देखे गए।

धीरे-धीरे हालात सुधर रहे हैं, और इंडिगो ने 3, 4 और 5 दिसंबर को प्रभावित हुए यात्रियों के लिए खास मुआवजे का ऐलान किया है।

10 हजार रुपए का ट्रैवल वाउचर

एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि जिन यात्रियों को इन दिनों की उड़ानों के रद्द होने या लंबी देरी का सामना करना पड़ा, उन्हें ₹10,000 का ट्रैवल वाउचर दिया जाएगा। इस वाउचर का इस्तेमाल आने वाले 12 महीनों में किसी भी इंडिगो फ्लाइट के लिए किया जा सकता है।

इंडिगो ने स्पष्ट किया कि यह मुआवजा सरकारी गाइडलाइंस के अतिरिक्त दिया जा रहा है। मौजूदा नियमों के अनुसार, 24 घंटे के भीतर उड़ान रद्द होने वाले यात्रियों को ₹5,000 से ₹10,000 तक का मुआवजा मिलता है।

रिफंड पर अपडेट

जिन यात्रियों की फ्लाइट कैंसिल हुई थी, उनके रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। एयरलाइन ने बताया कि अधिकांश रिफंड पहले ही यात्रियों के अकाउंट में पहुँच चुके हैं, और बाकी जल्द ही क्रेडिट कर दिए जाएंगे।

इस ऐलान से इंडिगो के प्रभावित यात्रियों को थोड़ी राहत मिली है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में एयरलाइन का संचालन पूरी तरह सामान्य हो जाएगा।