दिल्ली विधानसभा में बंदरों से निपटने का अनोखा तरीका, लंगूर की आवाज निकालने वालों को किया जाएगा तैनात

Post

India News Live,Digital Desk : दिल्ली विधानसभा परिसर में बंदरों की बढ़ती संख्या अब बड़ी परेशानी बन चुकी है। ये बंदर कभी बिजली के तारों पर कूदते नजर आते हैं तो कभी डिश एंटीना और अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचा देते हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई बार बंदर विधानसभा सदन के अंदर तक घुस जाते हैं, जिससे विधायकों, कर्मचारियों और आगंतुकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

इस समस्या से निपटने के लिए विधानसभा प्रशासन अब एक अलग और मानवीय उपाय अपनाने जा रहा है। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए एक टेंडर जारी किया है, जिसके तहत ऐसे लोगों को नियुक्त किया जाएगा जो लंगूर की आवाज की सटीक नकल कर सकें। लंगूर बंदरों का प्राकृतिक दुश्मन माना जाता है, इसलिए उसकी आवाज सुनते ही बंदर डरकर उस इलाके से दूर भाग जाते हैं।

इस उपाय में किसी भी जानवर को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा, जिससे यह पूरी तरह सुरक्षित और मानवीय तरीका माना जा रहा है। इससे पहले परिसर में लंगूर के कटआउट लगाए गए थे, लेकिन अब बंदर उनसे डरने के बजाय उन पर बैठने लगे हैं।

दरअसल, पहले भी लंगूर की आवाज निकालने वाले लोग तैनात किए गए थे, लेकिन उनका अनुबंध पूरा होने के बाद व्यवस्था बंद हो गई थी। अब नए सिरे से टेंडर निकालकर इस व्यवस्था को फिर से लागू करने की तैयारी की जा रही है।

टेंडर शर्तों के अनुसार, ये कर्मचारी कामकाजी दिनों और शनिवार को आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में तैनात रहेंगे। संबंधित एजेंसी को सुरक्षा मानकों का पालन, कर्मचारियों का बीमा और उनके कार्य प्रदर्शन की निगरानी की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2017 में एक बंदर विधानसभा सदन में घुस आया था, जिससे सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई थी। प्रशासन को उम्मीद है कि यह नया कदम बंदरों की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित करेगा।