जापान में 7.1 की तीव्रता से भीषण भूकंप: सुनामी का हाई अलर्ट, 45 हजार से अधिक घर अंधेरे में डूबे
जापान के दक्षिणी हिस्से में अचानक आए 7.1 तीव्रता के भयावह भूकंप ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। भूकंप की तीव्रता जापानी सीजमिक स्केल पर 'शिंदो 7' मापी गई है, जिसे इस स्केल के अनुसार सबसे तीव्र माना जाता है। इस प्राकृतिक आपदा के तुरंत बाद स्थानीय मौसम एजेंसी ने तटीय इलाकों के लिए सुनामी का हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
तटीय इलाकों से दूरी बनाने की अपील
भूकंप का मुख्य केंद्र उकी में जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि समुद्र में कई फीट ऊंची विनाशकारी लहरें उठ सकती हैं। आरिएक बे सहित प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने और समुद्र तटों से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
45 हजार से ज्यादा घरों में ब्लैकआउट
भयंकर झटकों के कारण क्युशु इलेक्ट्रिक के अनुसार कुमामोटो में करीब 45,600 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात कर दिए गए हैं, ताकि नुकसान का आकलन किया जा सके।
न्यूक्लियर प्लांट पूरी तरह सुरक्षित
राहत की बात यह है कि आपदा के बाद क्षेत्र में स्थित न्यूक्लियर प्लांट्स की जांच की गई, जहाँ फिलहाल किसी भी प्रकार की खराबी या नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।