BREAKING:
November 07 2026 01:34 am

रूस के कामचटका में 8.8 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की आशंका से दहशत में कई देश

Post

India News Live,Digital Desk : रूस के कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार सुबह तेज़ भूचाल से धरती हिल उठी। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 8.8 मापी गई है। जैसे ही धरती कांपी, वैसे ही प्रशांत महासागर में सुनामी का खतरा मंडराने लगा। अमेरिका, जापान, न्यूज़ीलैंड, फिलीपींस, इक्वाडोर और हवाई जैसे देशों के समुद्री तटों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

धरती के भीतर 19 किलोमीटर गहराई में था केंद्र
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक़, इस शक्तिशाली भूकंप का केंद्र ज़मीन से करीब 19.3 किलोमीटर नीचे था। शुरू में इसकी तीव्रता 8 बताई गई थी, लेकिन बाद में इसे संशोधित कर 8.8 कर दिया गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में इमारतों के अंदर फर्नीचर हिलते हुए और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल दिख रहा है।

सुनामी लहरों का खतरा बरकरार
USGS और अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने चेताया है कि अगले तीन घंटे के भीतर रूस और जापान के तटीय इलाकों में खतरनाक सुनामी लहरें उठ सकती हैं। रूस के आपातकालीन मंत्रालय की कामचटका ब्रांच ने टेलीग्राम पर जानकारी दी कि वहां 32 सेंटीमीटर यानी करीब एक फुट ऊँची लहरें समुद्र तट तक पहुँच चुकी हैं।

जापान और अमेरिका में भी हाई अलर्ट
जापान मौसम विभाग ने सुनामी अलर्ट को और गंभीर बना दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, जापान के प्रशांत तट पर सुबह 10:00 बजे से 11:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) के बीच 3 मीटर यानी लगभग 9.8 फीट ऊँची लहरें उठ सकती हैं। लोगों को तटीय इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

फिलहाल कोई जान-माल की हानि नहीं
अभी तक किसी के घायल या हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई इलाकों से संपत्ति के नुकसान की खबरें आ रही हैं। राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं और हालात पर नज़र बनाए हुए हैं।