अफ़ग़ानिस्तान में 6.0 तीव्रता का भूकंप, 600 से ज्यादा लोगों की मौत
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-01 13:39:00
India News Live,Digital Desk : अफ़ग़ानिस्तान में आए भीषण भूकंप ने जनजीवन को हिला कर रख दिया है। दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में देर रात आए तेज़ झटकों से कई घर पलभर में मलबे में तब्दील हो गए। अब तक लगभग 622 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 1500 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और राहत कार्य तेज़ी से जारी है।
भूकंप के झटकों से दहशत का माहौल
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.0 मापी गई। इसका केंद्र जलालाबाद से 27 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में और ज़मीन से करीब 8 किलोमीटर गहराई में था। भूकंप रात 12:47 बजे आया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सरकारी प्रवक्ताओं की पुष्टि
अफ़ग़ानिस्तान के नांगरहार जन स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता नकीबुल्लाह रहीमी ने भूकंप की पुष्टि की। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफ़त ज़मान ने बताया कि मृतकों और घायलों की संख्या लगातार बढ़ रही है और प्रभावित इलाकों तक पहुँचना बेहद मुश्किल हो रहा है।
भारत और पाकिस्तान में भी महसूस हुए झटके
दिल्ली-एनसीआर और पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा इलाके में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। आधी रात को अचानक झटके महसूस होने पर दिल्ली-एनसीआर के लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भारत में किसी प्रकार की जानमाल की हानि की खबर नहीं है।