IPL प्रेमियों के लिए बुरी खबर, टिकटों पर 40% टैक्स लागू
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-04 18:34:00
India News Live,Digital Desk : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के फैन्स के लिए एक निराश करने वाली खबर आई है। अब स्टेडियम में बैठकर अपने पसंदीदा टीम का मैच देखना पहले से ज्यादा महंगा हो जाएगा। सरकार ने खेल आयोजनों के टिकटों पर जीएसटी की दरें बढ़ा दी हैं, जिसका सीधा असर IPL टिकटों की कीमतों पर पड़ेगा।
अब टिकट पर 40% टैक्स
प्रीमियम खेल आयोजनों पर जीएसटी को 28% से बढ़ाकर 40% कर दिया गया है। इसका मतलब है कि IPL टिकट अब लग्जरी कैटेगरी में आ गए हैं, जहां पहले से ही कैसीनो और अन्य विलासिता की वस्तुओं पर सबसे ज्यादा टैक्स लगता है।
कितना बढ़ेगा टिकट का दाम?
अगर किसी IPL टिकट की असली कीमत 1000 रुपये है, तो पहले उस पर 18% जीएसटी लगने के बाद फैन्स को 1180 रुपये देने होते थे। बाद में यह 28% जीएसटी के साथ 1280 रुपये हो गया। अब 40% टैक्स लागू होने पर वही टिकट 1400 रुपये का हो जाएगा। यानी एक टिकट पर लगभग 120 रुपये का अतिरिक्त खर्च बढ़ गया है।
चेन्नई और बैंगलोर के टिकटों का हाल
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के घरेलू मैचों के लिए एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम का सबसे सस्ता टिकट पहले 1,700 रुपये का था, जो अब लगभग 1,860 रुपये का हो गया है। वहीं, 2,500 रुपये वाले टिकट की नई कीमत करीब 2,754 रुपये हो जाएगी।
ऊपरी स्टैंड (C, D और E) से मैच देखने का खर्च अब करीब 4,370 रुपये तक पहुंच सकता है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के घरेलू मैच का सबसे महंगा टिकट, जो पहले 42,350 रुपये का था, अब लगभग 4,000 रुपये तक बढ़ सकता है। वहीं चेपक स्टेडियम का 7,000 रुपये का टिकट 7,656 रुपये का हो जाएगा।
फैन्स की जेब पर असर
IPL मैच लाइव देखने का मजा भले ही सबसे अलग हो, लेकिन अब इस रोमांच का आनंद लेने के लिए फैन्स को जेब ढीली करनी पड़ेगी। बढ़ी हुई जीएसटी दरें खासकर उन फैन्स के लिए चुनौती होंगी जो हर सीजन स्टेडियम में मैच देखने का शौक रखते हैं।