BREAKING:
October 01 2026 04:32 pm

कोटक महिंद्रा बैंक में मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ पद पर अनूप कुमार साहा की नियुक्ति को आरबीआई की मंजूरी

Post

कोटक महिंद्रा बैंक में मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ पद पर अनूप कुमार साहा की नियुक्ति को आरबीआई की मंजूरी

मुंबई, 1 अक्टूबर, 2026: कोटक महिंद्रा बैंक लिमिटेड ("कोटक" या "बैंक") ने आज बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक ("आरबीआई") ने अनूप कुमार साहा को बैंक का मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर ("एमडी और सीईओ") नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। यह नियुक्ति 1जनवरी, 2027 से तीन साल के लिए होगी। बैंक का बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स इस नियुक्ति को औपचारिक रूप देने के लिए उचित समय पर आगे के कदम उठाएगा और इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी भी लेगा।

अनूप फिलहाल कोटक महिंद्रा बैंक में होल-टाइम डायरेक्टर (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर) हैं। वे जनवरी 2026 में बैंक से जुड़े थे और मार्च 2026 से रिटेल बैंक, डेटा एनालिटिक्स और मार्केटिंग का कामकाज देख रहे हैं।

कोटक महिंद्रा बैंक के बोर्ड के चेयरमैन सी. एस. राजन ने कहा, "हम भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी का स्वागत करते हैं। अनूप के पास बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज का व्यापक अनुभव है। अपनी मौजूदा भूमिका में वे बैंक के अलग-अलग कारोबारों से पहले ही सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। बैंक अपनी मजबूत बुनियाद के सहारे लगातार बढ़ रहा है, और हमें उम्मीद है कि अनूप की लीडरशिप में फ्रेंचाइजी और मजबूत होगी और बैंक टिकाऊ ग्रोथ हासिल करेगा। बोर्ड की ओर से मैं अनूप को शुभकामनाएं देता हूं कि वे कोटक को ग्रोथ के अगले दौर में कामयाबी से ले जाएं।"

कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ अशोक वासवानी ने कहा, "अनूप फाइनेंशियल सर्विसेज के मंझे हुए लीडर हैं। उन्हें अलग-अलग कारोबारों, ग्राहक वर्गों और ऑपरेटिंग फंक्शन का गहरा अनुभव है। कोटक से जुड़ने के बाद से उन्होंने हमारी टीमों के साथ करीब से काम किया है और आगे आने वाले मौकों की साफ समझ दिखाई है। मुझे पूरा भरोसा है कि अनूप कोटक की मजबूत नींव को आगे बढ़ाएंगे, ग्राहकों के साथ उसके रिश्ते और गहरे करेंगे और मकसद और अनुशासन के साथ बैंक की अगुवाई करेंगे। मैं उनकी पूरी सफलता की कामना करता हूं।"

अनूप कुमार साहा ने कहा, "मुझ पर भरोसा जताने के लिए मैं बोर्ड का आभारी हूं, और कोटक महिंद्रा बैंक की अगुवाई का मौका मिलने से बेहद खुश हूं। कोटक की फ्रेंचाइजी दमदार है, ब्रांड भरोसेमंद है और पूरे संगठन में काबिल टीमें हैं। मैं ग्राहकों से रिश्ते और गहरे करने, पूरी लगन से योजनाओं को अमल में लाने और शेयरधारकों व अपने सभी हितधारकों के लिए टिकाऊ वैल्यू बनाने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं। हम सही रास्ते पर चलने और ग्राहक के हित में हर बात सही ढंग से करने पर पूरा ध्यान देते रहेंगे।"

अनूप के पास 32 साल से ज्यादा का प्रोफेशनल अनुभव है, जिसमें बैंकिंग और नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल संस्थानों में फाइनेंशियल सर्विसेज के 25 साल शामिल हैं। कोटक से जुड़ने से पहले उन्होंने बजाज फाइनेंस लिमिटेड में सीनियर लीडरशिप की कई भूमिकाएं निभाईं और आखिर में वहां मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ बने। उससे पहले आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड में 14 साल के दौरान उन्होंने रिटेल सिक्योर्ड एसेट्स, बिजनेस इंटेलिजेंस, रिटेल और रूरल कलेक्शंस, क्रेडिट कार्ड और रिटेल स्ट्रक्चर्ड फाइनेंस जैसे कारोबारों और फंक्शन का नेतृत्व किया।

अपने कॅरियर के शुरुआती दौर में अनूप ने जीई कैपिटल में क्रेडिट कार्ड, सेल्स और एनालिटिक्स से जुड़ी भूमिकाएं निभाईं और भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड में प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में काम किया। उन्होंने आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग में बी.टेक और आईआईएम लखनऊ से एमबीए किया है।

Tags: