उत्तर प्रदेश

आने वाले पांच दिनों तक सुबह एवं रात में हल्की धुंध बने रहने की संभावना

कानपुर,15 फरवरी (हि.स.)। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले पांच दिनों में आसमान साफ रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है लेकिन सुबह एवं रात के समय वातावरण में हल्की धुंध बने रहने की संभावना है। इसके साथ ही उत्तर पश्चिमी हवाओं का जोर बढ़ सकता है। यह जानकारी गुरुवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने दी।

उन्होंने बताया कि दिन का अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह सापेक्षिक आर्द्रता की बात की जाए तो अधिकतम 95 प्रतिशत और न्यूनतम 48 प्रतिशत रही। हवा की औसत गति 1.6 किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवा की दिशा उत्तर पश्चिम थी।

देश भर में मौसम प्रणाली

मौसम वैज्ञानिक डॉ.पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ को मध्य क्षोभ मंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है और अब 72 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ तथा 30 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में चल रही है। उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों पर प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 1.5 से 3.1 किमी ऊपर है।

मराठवाड़ा और आसपास के निचले स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। 17 फरवरी से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button